90 वर्षों से नई दुनिया के निर्माण में जुटी है ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय संस्था : बीके शशि सिंह
मोतिहारी। नगर के बनिया पट्टी स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेवा केंद्र में ‘मूल्य निर्माण में ब्रह्माकुमारी संस्था का योगदान’ विषय पर एक सेमिनार आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दैनिक मुरली वर्ग से हुआ। उसके बाद मुंबई के प्रसिद्ध उद्योगपति एवं वरिष्ठ राजयोगी बीके शशि भाई ने कहा कि भारत परमात्मा की अवतरण भूमि है। गीता में वर्णित धर्मग्लानि के समय परमपिता परमात्मा का आज से लगभग 90 वर्ष पूर्व भारत की भूमि पर अवतरण हुआ।
उन्होंने ब्रह्मा बाबा के साधारण तन का आधार लेकर नई दुनिया के निर्माण का कार्य प्रारंभ किया। इस कार्य का मूल उद्देश्य मानवीय मूल्यों की पुनर्स्थापना तथा चयनित आत्माओं को सर्वगुण संपन्न और संपूर्ण निर्विकारी बनाना था। पिछले 90 वर्षों से यह ईश्वरीय कार्य भारत की भूमि से पूरे विश्व में संचालित हो रही है। बीके शशि भाई ने कहा कि वर्तमान समय में ब्रह्माकुमारी संस्था सहज राजयोग और ईश्वरीय ज्ञान के माध्यम से आत्माओं को सशक्त बनाने का कार्य कर रही है।
मनुष्य की अनेक परेशानियों और समस्याओं का मूल कारण जन्म-मरण के चक्र में आने से आत्मिक शक्ति का कमजोर होना है। संस्था अपने 25 प्रभागों के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक जागृति और मानवीय मूल्यों को विकसित करने में जुटी है।
इस अवसर पर सेवा केंद्र प्रभारी बीके विभा बहन ने बीके शशि भाई को बुके देकर सम्मानित किया। उनका परिचय कराते हुए उन्होंने बताया कि लगभग 30 वर्ष पूर्व मोतिहारी के सिकटिया गांव से रोजगार की तलाश में मुंबई गए शशि भाई का संपर्क ब्रह्माकुमारी संस्था से हुआ। उसके बाद उन्होंने ईश्वरीय कार्यों में अपना भरपूर सहयोग देना शुरू किया। आज मुंबई में उनके कई बड़े उद्योग हैं। मीडिया प्रभारी बीके अशोक वर्मा ने कहा कि शशि भाई ने चंपारण और मुंबई ही नहीं, बल्कि भगवानपुर, मुजफ्फरपुर तथा माउंट आबू में भी ईश्वरीय सेवाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कार्यक्रम के समापन पर सेवा केंद्र प्रभारी बीके विभा बहन ने बीके शशि भाई के साथ डॉ. चंदन जायसवाल एवं श्रीमती चंदन जायसवाल को ईश्वरीय सौगात भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बीके करुणा, बीके दीप, बीके अनीता, बीके पूनम, बीके राखी, बीके प्रभु के अलावा काफी संख्या में भाई-बहनों ने सहभागिता निभाई।

