दहेज के लिए विवाहिता की पिटाई, बचाने आए वृद्ध अगुआ का लोहे की रॉड से फोड़ा सिर, हालत गंभीर
पीड़ित विवाहिता ने दर्ज कराया एफआईआर, पति सहित पांच नामजद
हरसिद्धि। थाना क्षेत्र के मठलोहियार टोला छतवनिया में हो-हल्ला पर विवाहिता को बचाने पहुंचे वृद्ध अगुआ किशुन देव यादव को लोहे की रॉड से मारकर सिर फोड़ दिया गया। गंभीर हालत में जख्मी वृद्ध को चिकित्सकों ने मोतिहारी रेफर कर दिया है। मामले में पीड़ित विवाहिता कुमानती देवी ने थाना में आवेदन देकर एफआईआर दर्ज कराई है।
जिसमें उसके पति पप्पू यादव, ससुर विशुन देव यादव, सास चिंता देवी, ननद सुधा देवी व किरण देवी को नामजद किया गया है। पीड़िता ने कहा है कि उसकी शादी दो वर्ष पूर्व पप्पू यादव से हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद से ससुराल वाले पांच लाख दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। दहेज की मांग को लेकर आए दिन उसे ताना मारा जाता था और मारपीट की जाती थी।
पीड़िता के अनुसार घटना के दिन भी उक्त सभी दहेज के लिए मारपीट कर रहे थे। विवाहिता की चीख-पुकार सुनकर गांव के वृद्ध अगुआ किशुन देव यादव उसे छुड़ाने पहुंचे। तो आरोपितों ने उन पर भी हमला कर दिया। लोहे की रॉड से मारकर उनका सिर फोड़ दिया गया। जिससे वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन घायल वृद्ध को लेकर हरसिद्धि अस्पताल पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए मोतिहारी रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

