अज्ञात वाहन की ठोकर से जख्मी मुरारपुर ग्राम कचहरी के पंच की इलाज के दौरान मौत

अज्ञात वाहन की ठोकर से जख्मी मुरारपुर ग्राम कचहरी के पंच की इलाज के दौरान मौत
Facebook WhatsApp

-पटना में चल रहा था इलाज, मंगलवार की सुबह ली अंतिम सांस

 – मुरारपुर पंचायत के पवरिया टोला गांव में पसरा मातम

हरसिद्धि। थाना क्षेत्र के मुरारपुर पंचायत के पवरिया टोला गांव निवासी एवं मुरारपुर ग्राम कचहरी के पंच देवी लाल साह की मंगलवार की सुबह पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। वे विगत गुरुवार की देर शाम सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे।

उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के संबंध में ग्राम कचहरी की सरपंच सूर्य ज्योति देवी एवं राजद नेता संजय यादव ने बताया कि देवी लाल साह गुरुवार की देर शाम पकड़ी बाजार से सब्जी खरीदकर पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में देवी लाल साह गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर गिर पड़े।

आसपास के लोगों ने घटना की सूचना उनके परिजनों को दी। परिजन उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद भी उनकी स्थिति में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने शुक्रवार को उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। पटना के अस्पताल में इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।

उनके पड़ोसी एवं सामाजिक कार्यकर्ता नवल किशोर प्रसाद ने बताया कि देवी लाल साह काफी मिलनसार और सामाजिक व्यक्ति थे। उनकी मौत से गांव ने एक सामाजिक व्यक्ति को खो दिया है। इधर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। राजद नेता संजय यादव एवं सामाजिक कार्यकर्ता नवल किशोर प्रसाद ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को जनप्रतिनिधियों के लिए निर्धारित पांच लाख रुपये की सहायता राशि के अतिरिक्त दुर्घटना राहत कोष से भी उचित मुआवजा देने की मांग की है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page