एक ही पौधे से मिलेंगे बैंगन, टमाटर और आलू: कटिहार में ‘ब्रिजेटो’ और ‘पोमेटो’ की खेती की अनूठी पहल

एक ही पौधे से मिलेंगे बैंगन, टमाटर और आलू: कटिहार में ‘ब्रिजेटो’ और ‘पोमेटो’ की खेती की अनूठी पहल
Facebook WhatsApp

कटिहार। सीमित कृषि भूमि में अधिक पैदावार लेने और किसानों की आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से कटिहार जिले में कृषि नवाचार का एक अनूठा प्रयोग शुरू होने जा रहा है। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के मार्गदर्शन तथा जिला कृषि पदाधिकारी सह आत्मा के परियोजना निदेशक राजीव कुमार के नेतृत्व में आधुनिक ग्राफ्टिंग तकनीक से एक ही पौधे पर दो अलग-अलग सब्जियां उगाने की अभिनव पहल की गई है।

इस दिशा में जिला कृषि विभाग ने भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान, वाराणसी से पत्राचार कर उन्नत ग्राफ्टिंग पद्धति से तैयार ‘ब्रिजेटो’ और ‘पोमेटो’ के पौधे उपलब्ध कराने तथा तकनीकी सहयोग का औपचारिक अनुरोध किया है।

ग्राफ्टिंग यानी कलम-संयोजन पद्धति पर आधारित यह नवाचार कम भूमि में बहुउद्देशीय सब्जी उत्पादन का बेहतरीन विकल्प बनकर सामने आया है। इस तकनीक से तैयार ‘ब्रिजेटो’ में बैंगन और टमाटर के पौधों को आपस में जोड़कर एक ही पौधे से बैंगन और टमाटर दोनों की उपज प्राप्त की जाती है। वहीं ‘पोमेटो’ में आलू और टमाटर का संयोजन किया जाता है, जिसमें पौधे के ऊपरी हिस्से में टमाटर फलते हैं और जमीन के नीचे जड़ वाले हिस्से में आलू का उत्पादन होता है।

यह तकनीक विशेष रूप से छोटे और सीमांत किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो सकती है। सीमित जोत वाले किसान अपने उपलब्ध रकबे का बेहतर इस्तेमाल कर एक साथ दो फसलों का लाभ ले सकेंगे। इससे न केवल उनकी उत्पादन लागत में कमी आएगी और अतिरिक्त आय के नए स्रोत बनेंगे, बल्कि ग्रामीण परिवारों में घरेलू पोषण सुरक्षा भी मजबूत होगी।

वाराणसी स्थित अनुसंधान संस्थान से पौधे एवं तकनीकी मार्गदर्शन प्राप्त होने के उपरांत प्रथम चरण में जिले के प्रगतिशील और इच्छुक किसानों के खेतों में इसका प्रायोगिक प्रदर्शन कराया जाएगा। इस दौरान कटिहार की कृषि-जलवायु में इन पौधों की उत्पादन क्षमता, फसल की गुणवत्ता, लागत और वास्तविक आर्थिक लाभ का विस्तृत आकलन किया जाएगा।

ट्रायल के सफल परिणामों के आधार पर बाद में इस तकनीक का विस्तार जिले के साथ ही बिहार के अन्य किसानों तक किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य किसानों को केवल पारंपरिक खेती तक सीमित न रखकर उन्हें आधुनिक, विविधीकृत और अधिक मुनाफे वाली वैज्ञानिक खेती से जोड़ना है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page