शराब कारोबारी से रिश्वत लेकर छोड़ने के वायरल ऑडियो पर नपा चौकीदार
-मामला कोटवा थाने का, 28 हजार लिए जाने की बातचीत वायरल
-पूरे मामले के जांच की जिम्मेवारी डीएसपी सदर 2 को , पुलिस के दूसरे लोग के संलिप्तता की आशंका
मोतिहारी। जिले के कोटवा थाने में पदस्थापित एक चौकीदार रूपलाल राय पर शराब कारोबारी को पकड़कर 28 हजार रुपये रिश्वत लेने और उसे बिना किसी कार्रवाई के छोड़ देने का गंभीर आरोप लगा है।
इस मामले के उजागर होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है । सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़ा एक ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने त्वरित एक्शन लेते हुए आरोपी चौकीदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
बताया जा रहा है कि मामला तब उजागर हुआ जब इंटरनेट पर एक ऑडियो तेजी से वायरल होने लगा। जिसमें शराब कारोबारी को पकड़े जाने के बाद बिना प्राथमिकी दर्ज किए उसे छोड़ने के एवज में 28 हजार रुपये के लेन-देन की बात कही जा रही है।
ऑडियो में कथित तौर पर थानाध्यक्ष समेत कई अन्य पुलिसकर्मियों के हिस्से की रकम को लेकर भी बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इस वायरल ऑडियो की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसने पुलिस विभाग की बेचैनी बढ़ा जरूर दी है। ऐसे में बिना विलम्ब किए एसपी स्वर्ण प्रभात ने मामले में संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई कर चौकीदार को निलंबित कर दिया।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रारंभिक जांच और अवलोकन से कोटवा थाने के चौकीदार 1/4 रूपलाल की इस मामले में सीधी संलिप्तता प्रतीत हो रही है। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस तरह के कृत्यों से शराब तस्करों का मनोबल बढ़ता है और आम जनता के बीच पुलिस की छवि धूमिल होती है। चौकीदार का यह आचरण विभागीय अनुशासन और नियमों के पूरी तरह प्रतिकूल पाया गया, जिसके बाद उसे तुरंत निलंबित कर दिया गया।
सदर-2 डीएसपी जितेश पांडेय को पूरे मामले की विस्तृत जांच की जिम्मेदारी दी गई है। इस सनसनीखेज मामले की तह तक जाने के लिए प्रशासन ने निष्पक्ष जांच के आदेश दे दिए हैं। जाहिर है जांच रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में अन्य दोषी पुलिसकर्मियों या अधिकारियों पर भी गाज गिरने की पूरी संभावना है।

