धान खरीद का बहिष्कार करेंगे बंजरिया के पैक्स अध्यक्ष, 10 सूत्री मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
मोतिहारी। जिले के बंजरिया प्रखंड के पैक्स अध्यक्षो ने सरकारी दर पर धान खरीद करने का पूर्णत: बहिष्कार करने की घोषणा की है।बुधवार को प्रखंड मुख्यालय में एक बैठक के बाद पैक्स व व्यापार मंडल अध्यक्षो ने इसकी घोषणा की
।साथ ही व्यावहारिक और वित्तीय कठिनाइयों का हवाला देते हुए पैक्स अध्यक्षों के प्रतिनिधिमंडल ने बीडीओ अजय कुमार प्रिंस को 10 सूत्री मांगों का एक ज्ञापन भी सौंपा है।अध्यक्षो ने कहा कि बिहार राज्य खाद्य निगम की व्यवस्था में कई त्रृटिया है,लिहाजा पैक्सो को धान खरीद करने में वित्तीय नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
पैक्स अध्यक्षों ने बताया कि बीते वर्ष 2025-26 में पैक्सो द्धारा आपूर्ति किए गए चावल का भुगतान समय पर नहीं होने से उन पर बैंक सूद का अतिरिक्त बोझ डाला गया।ऐसे में इस अतिरिक्त सूद की राशि का भुगतान सहकारिता विभाग की ओर से कराया जाना चाहिए।
साथ ही पूर्व की व्यवस्था के अनुसार पैक्स और व्यापार मंडल, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक तथा राज्य खाद्य निगम के बीच त्रिपक्षीय इकरारनामा करायी जानी चाहिए।
इसके साथ ही अध्यक्षों ने राइस मिलरों पर मनमानी का आरोप लगाते कहा है,कि मिलर प्रति क्विंटल 100 रुपये तक अवैध मिलिंग चार्ज वसूल रहे हैं, इसके अलावा प्रति क्विंटल तीन से 10 किलोग्राम तक धान की कटौती भी कर रहे है।जिससे पैक्सो को काफी नुकसान हो रहा है। इस मनमानी पर तत्काल रोक लगनी चाहिए।
इसके साथ ही अध्यक्षो ने ज्ञापन के माध्यम से मिल टैगिंग में समितियों की सहमति और सुविधानुसार स्वायत्तता देने तथा एडवांस सीएमआर आपूर्ति की व्यवस्था को सख्ती से लागू करने,प्रबंधकीय अनुदान के रूप में 60 रुपये और गनी बैग मद में 100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान करने पीएफएमएस भुगतान के साथ 72 घंटे के भीतर एसटीआर निर्गत करने और जिला कृषि कार्यालय के उत्पादन प्रतिवेदन के आधार पर धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य निर्धारित करने की मांग की है।
मौके पर अजगरी पैक्स अध्यक्ष दिलीप सिंह, सिसवा पूर्वी की अनिता देवी, चित्रहां के राजीव कुमार यादव, सेमरा के अनिल कुमार, पचरुखा मध्य के मो. आरिफ, बंजरिया के मनोज कुमार सिंह, चैलाहां के मोहन कुमार, मोखलिसपुर-झखिया के दिलीप कुमार यादव, रोहिनिया के राकेश कुमार, जटवा जनेरवा के सरफे आलम सहित कई लोग मौजूद थे।

