लालू परिवार की पूरी जिंदगी जेल और बेल पर गुजरेगी:जेपी नड्डा

लालू परिवार की पूरी जिंदगी जेल और बेल पर गुजरेगी:जेपी नड्डा
Facebook WhatsApp

पूर्वी चंपारण। जिले के मधुबन स्थित श्रीकृष्ण गौशाला मैदान में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। लालू परिवार को बिहार का सबसे भ्रष्ट परिवार बताते हुए कहा लालू प्रसाद का कार्यकाल जंगल राज था। वो मधुबन से एनडीए से भाजपा के प्रत्याशी के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होने कहा कि डबल इंजन की सरकार राज्य और देश के विकास के लिए काम कर रही है। एक करोड़ नौकरी और अन्य रोजगार के अवसरों को खोला जाएगा। इसके लिए प्रत्येक जिले में मेगा स्किल सेंटर स्थापित किया जाएगा। मां जानकी पथ से मधुबन, सतरघाट, केसरिया, चकिया और मोतिहारी को जोड़ा जाएगा। हरसिद्धि में बननेवाला एलपीजी गैस बाटलिंग प्लांट का उद्घाटन पीएम मोदी ने किया।

मुजफ्फरपुर की लीची को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाने के साथ डेयरी उद्योगों को मदद कर आगे बढ़ा रहे हैं। महिला रोजगार योजना के तहत जीविका दीदियों के खाते में 10 -10 हजार रुपये दिये। कहा कि 14 नवंबर के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आप सभी के बैंक खाते में 2-2 लाख रुपये व्यवसाय के लिए देंगे, ताकि आप आत्मनिर्भर बन सके। उन्होंने कहा कि बिहार सहित देशभर में राष्ट्रीय मार्ग, एक्सप्रेस-वे, विश्वस्तरीय आधुनिक रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डे ,फोर लेन बनाए गए।

उन्होने लालू प्रसाद यादव के शासनकाल को जंगलराज बताते हुए जमकर प्रहार किया। कहा- शिल्पी गौतम कांड में उनके लोगों का हाथ था। उन सभी को छुड़ाया गया। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी (आइएएस) की पत्नी चंपा विश्वास, उसकी मां और बहन के साथ राजद के जंगलराज में दुष्कर्म हुआ था।सिवान में चंदा बाबू के तीन बेटों को एसिड में डालकर मार दिया गया। यह सब जंगल राज के नमूने हैं। बिहार का सबसे बड़ा भ्रष्ट परिवार लालू का है। पूरे परिवार की जिंदगी जेल और बेल में गुजरने वाली है।

राहुल गांधी मोदी का विरोध करते करते देश का विरोध करने लगे हैं। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक पर प्रश्न खड़ा किया था। राहुल ने सेना का भी अपमान किया। राहुल गांधी विदेश जाते है तो देश के बारे में गलत बोलते हैं। शिवहर सांसद लवली आनंद ने कहा कि नीतिश कुमार के नेतृत्व में बिहार तो नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। शिवहर के पूर्व सांसद रमा देवी ने कहा कि राजद ने आपराधिक प्रवृति वाले लोगों को टिकट दिया है। उन्होंने मधुबन से राजद प्रत्याशी के रिश्तेदार का नाम लेते कहा कि उनके साथ किए गए दुर्व्यवहार को यहां की जनता नहीं भूल सकती।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के ढाका के सांगठनिक जिलाध्यक्ष राजेश सहनी व संचालन आकाश गुप्ता ने किया। चुनावी सभा को संबोधित करने वालों में यूपी के मंत्री नरेन्द्र कश्यप निषाद, जदयू के जिलाध्यक्ष मंजू देवी, गणेश सहनी, शुभम शर्मा, नितिश सर्राफ, लोजपा के चंचल पासवान आदि शामिल थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page