20 लाख रूपये के साथ पकड़ा गया यूपी के युवक मामले मे एफआईआर दर्ज, पांच नामजद
मोतिहारी। हरसिद्धि थाना क्षेत्र के मानिकपुर के पास करीब 20 लाख रुपये के साथ पकड़े गए यूपी के युवक के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। डायल 112 के अधिकारी जमादार ब्रह्मदेव पासवान के स्वलिखित बयान पर एफआईआर दर्ज की गई है।
जिसमे यूपी के गोरखपुर के रोहित कुमार शाही, विकास यादव, मनोज विश्वकर्मा, सोनू सिंह व बेतिया के बेलवा गाँव के अशोक मिश्रा शामिल है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यूपी के युवक 20 लाख रुपये के बदले 80 लाख रुपये के जाली नोट लेने बेतिया जा रहे थे। इसके लिए वे फरच्यूनर और नेक्सन कार से निकले थे। पुलिस को नोटों की हेराफेरी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर मानिकपुर के पास करीब 20 लाख रुपये के साथ गोरखपुर जिले के बरहलगंज निवासी हरेराम शाही के पुत्र रोहित कुमार शाही को पकड़ लिया। वहीं, फरच्यूनर और नेक्सन कार से सवार उसके तीन साथी भागने में सफल रहे।
फरार आरोपियों में गोरखपुर जिले के कोहरी गांव निवासी विकास यादव, मनोज विश्वकर्मा और सोनू सिंह शामिल हैं। पकड़े गए रोहित ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि पश्चिम चंपारण जिले के बेलवा निवासी अशोक मिश्रा से वे लोग पहले भी कई बार असली नोट के बदले जाली नोट ले जा चुके हैं। इस कारोबार में चार गुना मुनाफा मिलने की बात सामने आई है।
इस बार भी अशोक मिश्रा ने 20 लाख रुपये के बदले 80 लाख रुपये देने के लिए उन्हें मोतिहारी बुलाया था। रोहित के अनुसार, मोतिहारी पहुंचने पर अशोक मिश्रा ने बताया कि पुलिस को इसकी भनक लग चुकी है। इसलिए मोतिहारी में लेन-देन नहीं होगा और उन्हें बेतिया पहुंचना होगा।
नतीजतन सभी बेतिया के लिए रवाना हुए। इसी दौरान मानिकपुर के पास पुलिस ने कार्रवाई कर रोहित को पकड़ लिया, जबकि उसके तीनों साथी दोनों गाड़ियों से फरार हो गए। हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही गिरोह के नेटवर्क और जाली नोट के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

