एनीमिया से बचाव के लिए छात्राओं के बीच बांटी गई आयरन की गोलियां
सिकरहना। छात्राओं को एनीमिया के प्रति जागरूक करने और उनके स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाने के उद्देश्य से शनिवार को चिरैया प्रखंड मुख्यालय स्थित पीएम श्री महादेव साह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चिरैया कोठी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिरैया की चिकित्सा टीम ने छात्राओं को एनीमिया के कारण, लक्षण, दुष्परिणाम एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी। साथ ही उनके बीच आयरन-फॉलिक एसिड की गोलियां भी वितरित की गईं।
कार्यक्रम में चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रंजन कुमार, फार्मासिस्ट विकास सिंह एवं एएनएम काजल कुमारी ने छात्राओं को संबोधित किया। डॉ. रंजन कुमार ने बताया कि रक्त में हीमोग्लोबिन की कमी एनीमिया कहलाती है। यह एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, जिसका समय पर पता लगाना और उपचार कराना जरूरी है।
उन्होंने छात्राओं को नियमित रूप से आयरन-फॉलिक एसिड की गोली लेने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के बीच गोलियां वितरित कर उन्हें सप्ताह में एक गोली के सेवन के प्रति जागरूक किया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्यारे सतीश कुमार सिंह ने कहा कि उचित खानपान, पौष्टिक आहार और जागरूकता से एनीमिया की समस्या से बचाव संभव है।

