सुखा नशा के खिलाफ पुलिस का जागरूकता अभियान तेज
हरसिद्धि। थाना क्षेत्र में सुखा नशा एवं मादक पदार्थों के सेवन के खिलाफ हरसिद्धि पुलिस ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर गठित पुलिस टीम क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर बैठक कर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर रही है।
इस दौरान युवाओं से अफीम, गांजा समेत अन्य मादक पदार्थों का सेवन नहीं करने की अपील की जा रही है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिसकर्मी विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर लोगों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक कर रहे हैं।
मंदिर परिसर में आयोजित बैठक के दौरान थानाध्यक्ष ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ ही उसके भविष्य को भी प्रभावित करता है। नशे की लत लगने से युवा अपने लक्ष्य से भटक सकते हैं और उनका भविष्य अंधकारमय हो सकता है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, रोजगार और सकारात्मक गतिविधियों पर ध्यान देना चाहिए।
– पूजा पंडालों में भी जागरूकता
थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्गा पूजा के अवसर पर विभिन्न पूजा पंडालों में भी पुलिस टीम ने बैठक कर युवाओं को जागरूक किया था। पूजा पंडालों में उपस्थित युवाओं से अफीम, गांजा समेत अन्य मादक पदार्थों का सेवन नहीं करने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसके लिए आम लोगों को भी आगे आकर पुलिस का सहयोग करना चाहिए।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और सेवन के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत हाल ही में हरसिद्धि थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक लग्जरी कार के अंदर बने तहखाने से करीब 58 किलो गांजा बरामद किया था। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार भी किया है। गांजा बरामदगी की इस कार्रवाई के बाद मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
वहीं स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही, युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जाता रहेगा।

