चंपारण की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत हमारी पहचान और स्वाभिमान का प्रतीक : राधामोहन सिंह
मोतिहारी। राजेंद्र नगर भवन मैदान में चंपारण सांस्कृतिक महोत्सव 2026 के आयोजन का शुभारम्भ हुआ। उद्घाटन समारोह में सांसद पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
इस अवसर पर श्री सिंह ने आयोजन के लिए चंपारण सांस्कृतिक महोत्सव समिति के सभी पदाधिकारियों एवं आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि संस्कृति किसी भी समाज की आत्मा और पहचान होती है। भारत की सबसे बड़ी विशेषता उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविधता में एकता की भावना है।
श्री सिंह ने कहा कि चंपारण की धरती इतिहास, संस्कृति और स्वाभिमान की धरती है। यहां के लोकगीत, लोकनृत्य, भोजपुरी एवं बज्जिका भाषा की मिठास, पारंपरिक संगीत और पर्व-त्योहार हमारी सांस्कृतिक विरासत के अनमोल हिस्से हैं। विवाह के मंगलगीत, सोहर, चैता और फगुआ जैसी लोकविधाएं हमारी सामाजिक परंपराओं की सुंदर अभिव्यक्ति हैं।
उन्होंने कहा कि आधुनिकता और तकनीक के इस दौर में अपनी सांस्कृतिक जड़ों को सुरक्षित रखना अत्यंत आवश्यक है। आधुनिकता को अपनाते हुए भी हमें अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को नहीं भूलना चाहिए। चंपारण सांस्कृतिक महोत्सव जैसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने, कलाकारों को सम्मानित करने तथा युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सांस्कृतिक विरासत, योग, आयुर्वेद और प्राचीन ज्ञान परंपरा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिल रही है। हमारा भी दायित्व है कि चंपारण की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए सामूहिक प्रयास करें। उन्होंने कहा कि मोतिहारी और चंपारण में सांस्कृतिक पर्यटन एवं गतिविधियों की अपार संभावनाएं हैं।
स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन, लोककलाओं को उचित मंच और पारंपरिक विरासत के संरक्षण से क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत किया जा सकता है। श्री सिंह ने कहा कि किसी क्षेत्र का विकास केवल सड़कों और भवनों से नहीं, बल्कि उसकी सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक समरसता और बौद्धिक समृद्धि से भी होता है। अपनी संस्कृति का संरक्षण करना अपनी पहचान और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करना है।
इस अवसर पर बिहार मछुआरा आयोग अध्यक्ष ललन सहनी, पूर्व मंत्री सह मोतिहारी विधायक प्रमोद कुमार, कल्याणपुर विधायक सचिंद्र प्रसाद सिंह, पूर्व विधायक गोविंदगंज सुनील मणि तिवारी, उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, डॉ.चन्द्रलता झा, डॉ. नीतू कुमारी नूतन, अनिल वर्मा, संजय पाण्डेय, राजू पाण्डेय सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद थे, जबकि कार्यक्रम का संचालन डॉ. अरुण कुमार ने किया।

