बिहार के वैशाली में नाव हादसा: 13 बच्चो की मौत,पीएम मोदी और सीएम सम्राट ने किया मुआवजे का ऐलान

बिहार के वैशाली में नाव हादसा: 13 बच्चो की मौत,पीएम मोदी और सीएम सम्राट ने किया मुआवजे का ऐलान
Facebook WhatsApp

पटना। बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा नदी में नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत हो गई। हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। बिहार सरकार ने भी मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा की है।

हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर वैशाली में नाव पलटने की घटना में लोगों की मौत को बेहद दुखद और पीड़ादायक बताया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद कर रहा है। पीएमएनआरएफ से मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए घोषित आर्थिक सहायता का उद्देश्य हादसे से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाना है।

हादसे के बाद बिहार सरकार ने भी मृत बच्चों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रशासन को राहत और बचाव अभियान में तेजी लाने तथा घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और हादसे से जुड़े राहत कार्यों पर ध्यान दिया जा रहा है।

उल्लेखनीय है,कि यह भीषण हादसा मंगलवार देर शाम वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद पंचायत में हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 15 से 20 बच्चे एक छोटी नाव पर सवार होकर भगतान टोला स्थित माता महारानी स्थान के पास आयोजित श्राद्ध भोज में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान नाव असंतुलित होकर गंगा नदी में पलट गई और उसमें सवार बच्चे पानी में डूब गए।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और प्रशासन ने मोबाइल और टार्च की रोशनी में बचाव अभियान शुरू किया। हादसे के कारणों और नाव पर सवार लोगों की वास्तविक संख्या से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से चलाए गए बचाव अभियान में अब तक 13 बच्चों के शव बरामद किए जा चुके हैं।

मृतकों की पहचान मीरा कुमारी, निशु कुमारी, अनिशा कुमारी, सुनीता कुमारी, आर्यन कुमार, मोहन कुमार, अमृता कुमारी, अंकिता कुमारी, पिंकी कुमारी, नमन कुमार, सिकी कुमारी, भोनू कुमारी और सोनम कुमारी के रूप में हुई है।बताया गया कि हादसे में एक ही परिवार के सात बच्चो की मौत हुई है।हादसे के बाद प्रभावित परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

नाव हादसे के बाद राघोपुर और आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है। मृत बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करने पहुंचे है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी हादसे पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। प्रशासन राहत कार्यों के साथ प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में जुटा हुआ है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page