कंटेनर की चपेट में आने से परीक्षा देने जा रही छात्रा की मौत,पिता गंभीर
चकिया। एनएच पर पिता के साथ बाइक से परीक्षा देने जा रही एक छात्रा का कंटेनर की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक छात्रा सलेमपुर निवासी रामएकबाल प्रसाद की 23 वर्षीय पुत्री सुरजी कुमारी बताई जाती है।
बताया जाता है कि सुरजी पिता के साथ घर से स्नातक के चौथे सेमेस्टर की परीक्षा देने मोतिहारी जा रही थी। इसी दौरान एनएच 27 इम्मादपट्टी गांव के पास पीछे से आ रहे हरियाणा नंबर एचआर-38डब्ल्यू/4900 के तेज रफ्तार कंटेनर ने उसे टक्कर मार दी। जिससे छात्रा की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक, कंटेनर छोड़ कर भागने में सफल रहा।
घटना की सूचना पर पहुंची एनएचआई की एम्बुलेंस ने घटना स्थल से मृतका के शव को उठाकर चकिया थाने ले आई। चकिया थाना पुलिस ने शव समेत कन्टेनर व क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी के बाद परिजनों में कोहराम मचा है।

