प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं निरंतर जनसेवा के लिये बिहार मंत्रिपरिषद ने दी शुभकामनाए

प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं निरंतर जनसेवा के लिये बिहार मंत्रिपरिषद ने दी शुभकामनाए
Facebook WhatsApp

पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज मुख्य सचिवालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बिहार मंत्रिपरिषद द्वारा पारित प्रस्तावों एवं पिछले 12 वर्षों में बिहार के विकास में केंद्र सरकार के योगदान से संबंधित विषयों की जानकारी दी।

पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने विस्तृत जानकारी देते हुये कहा कि बिहार मंत्रिपरिषद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के प्रमुख के रूप में जनसेवा एवं प्रशासनिक नेतृत्व के 25 वर्ष पूर्ण होने पर हार्दिक अभिनंदन एवं शुभकामनाएं व्यक्त की हैं। 7 अक्टूबर, 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के साथ प्रधानमंत्री ने शासन एवं जनसेवा की यात्रा का एक नया अध्याय प्रारंभ किया था। इसके बाद 26 मई, 2014 को उन्होंने देश के प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। उनका सार्वजनिक जीवन जनभागीदारी, लोकतांत्रिक विश्वास और निरंतर जनसेवा का उदाहरण प्रस्तुत करता है।

लोकतांत्रिक व्यवस्था में सरकार के प्रमुख के रूप में लगातार 25 वर्षों तक सेवा करना एक असाधारण उपलब्धि है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 7 अक्टूबर हमें यह स्मरण कराता है कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास ही सबसे बड़ी शक्ति है और जनसेवा की यात्रा निरंतर संवाद, जवाबदेही और राष्ट्रहित के संकल्प से आगे बढ़ती है। 25 वर्षों की यह यात्रा पद से आगे सेवा भाव और निःस्वार्थ कर्म की अनवरत यात्रा है। पद बदला, दायित्व बढ़ा, परिस्थितियां बदलती रहीं लेकिन राष्ट्र प्रथम और नागरिक प्रथम की कसौटी पर कर्मयोग निरंतर चलता रहा। गरीब कल्याण, वंचितों का उत्थान, किसानों का सशक्तिकरण, नारी शक्ति का सम्मान, युवाओं के लिये अवसर, राष्ट्रीय सुरक्षा और विश्व के साथ भारत के संबंध, हर क्षेत्र में नई सोच और नई कार्य संस्कृति देखने को मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीब कल्याण, वंचितों के उत्थान, किसानों के सशक्तीकरण, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के लिए अवसरों के विस्तार, राष्ट्रीय सुरक्षा तथा आधारभूत संरचना के विकास जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। जनधन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन और सौभाग्य योजना जैसी पहलों ने आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं से राज्य में आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला सशक्तीकरण, सड़क, रेल, हवाई संपर्क, ऊर्जा, उद्योग और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास को गति मिली है।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 55 लाख तथा शहरी क्षेत्रों में लगभग 1.98 लाख आवासों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से राज्य के 8.57 करोड़ से अधिक जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से पिछडे लोगों के लिये 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया।उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। दरभंगा एम्स की आधारशिला रखी गई है। लगभग 1,264 करोड़ रूपये की लागत से विकसित होने वाले इस संस्थान में 750 बेड वाले सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल तथा 125 एमबीबीएस सीटों की परिकल्पना की गई है। बिहार में चिकित्सा महाविद्यालयों की संख्या 2013-14 के 13 से बढ़कर 2026-27 तक 32 हो गई है तथा एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़कर 4,835 हो गई है।

मुख्मंत्री ने कहा कि बिहार में सड़क एवं राजमार्ग, रेलवे, हवाई संपर्क तथा शहरी आधारभूत संरचना के विकास को गति मिली है। राज्य में राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई वर्ष 2014 के लगभग 4,615 किलोमीटर से बढ़कर लगभग 6,500 किलोमीटर हो गई है। रेलवे के क्षेत्र में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बिहार का रेल बजट आवंटन लगभग 10,379 करोड़ रूपये है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राज्य के 98 रेलवे स्टेशनों का चयन किया गया है। दरभंगा एवं पूर्णिया से नियमित हवाई सेवाओं का संचालन शुरू हुआ है।

बिहार मंत्रिपरिषद ने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके कुशल नेतृत्व में भारत समृद्ध, सुरक्षित, आत्मनिर्भर एवं विकसित राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ता रहेगा और बिहार इस यात्रा में सशक्त भागीदार बनेगा।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page