मुख्यमंत्री ने डीबीटी के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन की करीब 1237 करोड़ की राशि का किया हस्तांतरण
पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को अपने आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में वृद्धजन, दिव्यांगजन एवं विधवा बहनों सहित कुल 1 करोड़ 08 लाख 36 हजार सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खाते में डीबीटी के माध्यम से प्रति व्यक्ति 1100 रूपये की दर से कुल 1237 करोड़ 48 लाख रूपये की राशि का हस्तांतरण किया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारी तथा सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति भी जुड़े हुये थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज राज्य के 1 करोड़ 08 लाख 36 हजार सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खाते में डीबीटी के माध्यम से प्रति व्यक्ति 1100 रूपये की दर से कुल 1237 करोड़ 48 लाख रूपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोगों की सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खाते में प्रत्येक महीने की 10 तारीख को राशि हस्तांतरित कर दी जायेगी। उन्होंने कहा कि हमलोगों की सरकार गरीब, बुजुर्ग, दिव्यांगजन, विधवा महिलायें एवं समाज के वंचित वर्गों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा का पूरा ख्याल रखती है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के समृद्ध बिहार के सपनों को पूरा करने के लिए सभी को मिलकर काम करना है।
उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कोई भी सामाजिक सुरक्षा पेंशन के पात्र लाभार्थी छूटे नहीं। हमारा जनप्रतिनिधियों से आग्रह है कि जब वे अपने क्षेत्र में जाते है तो गांव में जाकर यह सुनिश्चित करें कि सभी योग्य लाभुकों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन मिले।
उन्होंने कहा कि पंचायत विकास दिवस के अवसर पर विशेषतौर पर यह अभियान चलायें कि कोई भी योग्य पात्र सामाजिक सुरक्षा पेंशन से वंचित न रहे। हेल्थ सर्वेक्षण के दौरान भी यह पता करें कि योग्य लाभुकों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन मिल रहा है कि नहीं। योग्य पात्रों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन पेंशन वितरण समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से होता रहे ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को सम्मानपूर्वक सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री डॉ श्वेता गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, समाज कल्याण विभाग के सचिव विनोद सिंह गुंजियाल, सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति एवं लाभार्थीगण जुड़े हुये थे।

