मैत्री पुल पर एसएसबी और हरैया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 11.246 किलो चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार

मैत्री पुल पर एसएसबी और हरैया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 11.246 किलो चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार
Facebook WhatsApp

मैत्री पुल पर एसएसबी और हरैया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 11.246 किलो चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार

-नेपाल से ई-रिक्शा पर सवार होकर भारत आ रहा था आरोपी

रक्सौल।भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 47वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) एवं हरैया पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11.246 किलोग्राम चरस के साथ एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नेपाल निवासी रामपुकार चौधरी के पुत्र अमर चौधरी के रूप में हुई है। उसके पास से चरस के कुल 22 पैकेट बरामद किए गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, भारत-नेपाल सीमा पर स्थित मैत्री पुल पर एसएसबी एवं हरैया पुलिस की टीम नियमित जांच और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान नेपाल से भारत की ओर आ रहे एक ई-रिक्शा में सवार एक व्यक्ति की गतिविधियों पर संदेह होने पर उसे रोककर जांच की गई। तलाशी के क्रम में उसके पास मौजूद बैग से चरस के 22 पैकेट बरामद हुए। जांच में बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 11.246 किलोग्राम पाया गया। इसके बाद टीम ने मौके पर ही आरोपी अमर चौधरी को गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के बाद बरामद चरस और गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए हरैया थाना पुलिस को सौंप दिया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा एजेंसियों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। सीमा पार से होने वाली अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए जांच अभियान भी चलाया जा रहा है।

एसएसबी की ओर से बताया गया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क हैं। नशामुक्त समाज ही एक सशक्त राष्ट्र की नींव है। इसी उद्देश्य के साथ एसएसबी देश के युवाओं के भविष्य और परिवारों की खुशहाली की रक्षा के लिए अवैध नशीले पदार्थों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page