राष्ट्रहित, सेवा और जनकल्याण के आदर्शों पर चलना ही महापुरुषों को सच्ची श्रद्धांजलि : संजय सरावगी

राष्ट्रहित, सेवा और जनकल्याण के आदर्शों पर चलना ही महापुरुषों को सच्ची श्रद्धांजलि : संजय सरावगी
Facebook WhatsApp

पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बिहार के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गुरुवार को पटना में आयोजित विभिन्न राजकीय समारोहों में शामिल होकर दोनों महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनकी प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की।संजय सरावगी ऐतिहासिक गांधी मैदान, पटना में आयोजित राजकीय समारोह में शामिल हुए।

इस अवसर पर बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। समारोह में मंत्रीगण, जनप्रतिनिधिगण एवं अनेक वरिष्ठजन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर संजय सरावगी ने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को जन-आंदोलन का स्वरूप देने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, सादगी, सेवा और मानवता का संदेश देता है। पूज्य बापू ने अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देशवासियों में स्वाधीनता की चेतना जगाई। स्वदेशी, स्वावलंबन, स्वच्छता और सामाजिक समरसता को लेकर उनके विचारों ने राष्ट्र निर्माण को नई दिशा दी।उन्होंने कहा कि गांधीजी के आदर्श आज भी राष्ट्रहित और जनकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

इसके बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी पटना के शास्त्री नगर पार्क में आयोजित राजकीय समारोह में शामिल हुए। उन्होंने राज्यपाल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर मंत्रीगण, जनप्रतिनिधिगण एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे।

संजय सरावगी ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री सादगी, सत्यनिष्ठा और दृढ़ नेतृत्व के प्रतीक थे। कठिन परिस्थितियों में उन्होंने अपने नेतृत्व से देश को एकजुट रखा और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत किया। ‘जय जवान, जय किसान’ के उद्घोष के माध्यम से उन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा में जवानों और देश की समृद्धि में किसानों के अमूल्य योगदान को सम्मान दिया।उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाला आदर्श जीवन तथा जनसेवा के प्रति उनका समर्पण सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज में सेवा, स्वावलंबन, सत्यनिष्ठा और राष्ट्रभावना को मजबूत करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page