बिहार विधान परिषद चुनाव: राजद उम्मीदवार ने दाखिल किया नामांकन, भाजपा ने चार उम्मीदवार उतारे
पटना। बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के चुनाव को लेकर मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी अपने चार उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।भाजपा ने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवल किशोर यादव, कोसी स्नातक क्षेत्र से डॉ. एनके यादव, दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. सर्वेश कुमार और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नरेंद्र प्रताप सिंह को मैदान में उतारा है। इसके साथ ही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सभी आठ उम्मीदवारों की तस्वीर सामने आ गई है।
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने इससे पहले अपने हिस्से की चार सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की थी। पार्टी ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार, दरभंगा शिक्षक से घनश्याम राय, तिरहुत स्नातक से अभिषेक झा और सारण शिक्षक से आनंद पुष्कर को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने अपने हिस्से में पटना शिक्षक और कोसी स्नातक सीट पर मौजूदा सदस्यों नवल किशोर यादव और एनके यादव को दोबारा मौका दिया है। दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार और तिरहुत शिक्षक से नरेंद्र प्रताप सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।
उधर, नामांकन के पहले दिन ही विपक्ष की ओर से चुनावी गतिविधियां शुरू हो गईं। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार सिंह ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पहले उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की और इसके बाद समर्थकों के साथ पटना कमिश्नरी कार्यालय पहुंचकर पर्चा दाखिल किया। इस दौरान राजद के वरिष्ठ नेता भोला यादव समेत पार्टी के कई नेता और समर्थक मौजूद रहे।सबसे अधिक राजनीतिक चर्चा पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर है। यहां जदयू के अधिकृत उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ पार्टी के मोकामा विधायक अनंत सिंह ने खुलकर समर्थन जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज कुमार सिंह को देने की घोषणा की है। अनंत सिंह ने अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार करने और उनके समर्थन में वोट मांगने की बात कही है। उन्होंने नीरज कुमार के साथ अपने मतभेद को व्यक्तिगत विवाद बताया है।
अनंत सिंह का यह रुख इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि नीरज कुमार जदयू के अधिकृत उम्मीदवार हैं। ऐसे में एक ही पार्टी के विधायक का विपक्षी उम्मीदवार के समर्थन में खुलकर सामने आना पटना स्नातक सीट की लड़ाई को और हाई-प्रोफाइल बना रहा है।
जन सुराज ने भी पटना स्नातक सीट से डॉ. अनुज कुमार सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। पार्टी की ओर से उम्मीदवार घोषित किए जाने से पहले ही अनुज सिंह को अनंत सिंह का समर्थन मिल चुका था। जन सुराज ने आठों सीटों के लिए अलग-अलग चरणों में अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं और पटना स्नातक सीट पर अनुज सिंह की उम्मीदवारी को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं।
जदयू के उम्मीदवारों में तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अभिषेक झा भी प्रमुख नाम हैं। वह जदयू के प्रदेश प्रवक्ता हैं और पार्टी की ओर से विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर मीडिया में पक्ष रखते रहे हैं। उन्होंने एनआईटी पटना से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और व्यावसायिक क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। वहीं दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से घनश्याम राय और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आनंद पुष्कर को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। निर्वाचन आयोग के अनुसार इन सीटों के मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, 29 सितंबर से नामांकन शुरू हुआ है और उम्मीदवार छह अक्टूबर तक पर्चा दाखिल कर सकेंगे। सात अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि नौ अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। सभी आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी और पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।

