तेज हवा के बाद तुरकौलिया के अधिकांश इलाकों में बिजली गुल, रातभर अंधेरे में रहे ग्रामीण
-पानी से लेकर पढ़ाई तक प्रभावित
तुरकौलिया। प्रखंड के अधिकांश इलाकों में शुक्रवार की रात से बिजली आपूर्ति ठप है। शंकरसरैया, सेनवरिया, कुशहर, कवलपुर, सेमरा टोला, निमोइया, बोरिंग चौक, नयका टोला, बिजुलपुर, जयसिंहपुर, पशुरामपुर, सपही, मझरिया, विशुनपुरवा सहित कई गांवों में बीती रात से विद्युत आपूर्ति बाधित है। बिजली नहीं रहने के कारण ग्रामीणों को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी।
शनिवार को दिनभर भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई। बिजली संकट का सबसे अधिक असर घरेलू कामकाज पर पड़ा है। बिजली नहीं रहने से घरों में पानी की समस्या उत्पन्न हो गई है। मोटर नहीं चलने के कारण लोग पानी के लिए परेशान हैं। वहीं मोबाइल चार्ज करने से लेकर बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित हो रही है। लंबे समय से बिजली बाधित रहने के कारण ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली विभाग को खराबी की जानकारी होने के बावजूद अब तक आपूर्ति बहाल नहीं की गई है। ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों से जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। इधर, बिजली विभाग का कहना है कि शुक्रवार की रात तेज हवा चलने के कारण विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है। बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए खराबी की जांच और आवश्यक कार्य किया जा रहा है।

