हरियाणा के ट्रक मालिक-चालक ने गल्ला व्यवसायी को लगाया 12.28 लाख का चूना
– व्यवसायी ने राजस्थान भेजने के लिए ट्रक पर लोड कराया था 433.60 क्विंटल मक्का
हरसिद्धि।हरसिद्धि बाजार के एक गल्ला व्यवसायी से हरियाणा के ट्रक मालिक और चालक द्वारा 433.60 क्विंटल मक्का बेचकर 12.28 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। मक्का राजस्थान की एक फीड कंपनी में पहुंचाने के लिए ट्रक पर लोड कराया गया था, लेकिन आरोप है कि ट्रक मालिक और चालक ने रास्ते में ही मक्का बेच दिया। मामले में पीड़ित व्यवसायी नरेश अग्रवाल के पुत्र अनमोल अग्रवाल ने हरसिद्धि थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
दिए गए आवेदन में अनमोल ने बताया है कि वह हरसिद्धि बाजार में गल्ला का व्यवसाय करते हैं। उन्होंने 433.60 क्विंटल मक्का खरीदकर रखा था। मक्का को राजस्थान स्थित शालीमार फिलेट फीड लिमिटेड कंपनी को करीब 11.88 लाख रुपये में बेचने की बात तय हुई थी। इसके बाद मक्का राजस्थान भेजने के लिए उन्होंने चंद्रहिया स्थित खान ब्रदर्स ट्रांसपोर्ट के संचालक नूर आलम खान से संपर्क किया।
ट्रांसपोर्ट संचालक के माध्यम से हरियाणा के ट्रक मालिक विकास और चालक विनीत से संपर्क हुआ। दोनों हरियाणा के सोनीपत जिले के बड़ौदा थाना क्षेत्र के बूटना गांव के रहने वाले बताए गए हैं। पांच सितंबर को मक्का ट्रक पर लोड करा दिया गया। ट्रक भाड़े के एडवांस के रूप में 40 हजार रुपये भी दोनों को दिए गए। ट्रक मालिक और चालक ने 10 सितंबर तक मक्का राजस्थान की शालीमार फिलेट फीड लिमिटेड कंपनी में पहुंचाने की बात कही थी।
लेकिन 11 सितंबर तक मक्का कंपनी में नहीं पहुंचा। इसके बाद अनमोल ने ट्रक मालिक विकास और चालक विनीत से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों ने फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद अनमोल ट्रांसपोर्ट संचालक नूर आलम खान के साथ हरियाणा स्थित दोनों के घर पहुंचे। वहां पहुंचने पर ट्रक खाली खड़ा मिला। अनमोल के अनुसार, पूछताछ करने पर विकास और विनीत ने बताया कि उन्हें पैसों की जरूरत थी, इसलिए ट्रक में लदा मक्का बेच दिया।
व्यवसायी ने जब मक्का की रकम वापस मांगी तो दोनों ने उसके साथ धक्का-मुक्की की और वहां से भगा दिया। आरोप है कि दोनों ने दोबारा हरियाणा आने पर हत्या कर शव फेंक देने की धमकी भी दी। मामले में हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों की सत्यता की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

