हरसिद्धि थाना में चाइल्ड हेल्प डेस्क का शुभारंभ, बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान
-बच्चों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने वालों पर होगी कार्रवाई : थानाध्यक्ष
-दारोगा शिखा कुमारी को बनाया गया बाल संरक्षण पदाधिकारी, बच्चों को चॉकलेट व कलाम पुस्तक देकर बढ़ाया मनोबल
हरसिद्धि। बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हरसिद्धि थाना परिसर में चाइल्ड हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया गया. इस दौरान थानाध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों ने बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और उन्हें किसी भी प्रकार के शोषण से बचाने को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चलाया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया गया। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि थाना में चाइल्ड हेल्प डेस्क के माध्यम से बच्चों से संबंधित शिकायतों और समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जायेगा।
बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा, दुर्व्यवहार, उत्पीड़न अथवा उन्हें मानसिक रूप से परेशान करने की शिकायत मिलने पर पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि बच्चों को डरने के बजाय अपनी समस्या खुलकर पुलिस के सामने रखने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। शिखा कुमारी को मिली बाल संरक्षण की जिम्मेदारी थाना में पदस्थापित दारोगा शिखा कुमारी को बाल संरक्षण पदाधिकारी की जिम्मेदारी दी गयी है। वे बच्चों से संबंधित मामलों में समन्वय स्थापित करने के साथ उनकी समस्याओं को सुनेंगी तथा जरूरत पड़ने पर संबंधित विभाग और अधिकारियों से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी।
चाइल्ड हेल्प डेस्क के माध्यम से बच्चों को पुलिस से जुड़ने में सहज वातावरण देने का प्रयास किया जा रहा है। इधर-उधर घूम रहे बच्चों को थाने बुलाकर बढ़ाया मनोबल अभियान के दौरान थाना क्षेत्र में इधर-उधर घूम रहे बच्चों को पुलिस द्वारा चिह्नित कर चाइल्ड हेल्प डेस्क के माध्यम से थाना बुलाया गया। पुलिस पदाधिकारियों ने बच्चों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली।
बच्चों को पुलिस से भयभीत नहीं होने तथा किसी भी परेशानी की स्थिति में तत्काल जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों का मनोबल बढ़ाने के लिए उन्हें कलाम पुस्तक और चॉकलेट भी प्रदान किया गया। बाल संरक्षण को लेकर हरसिद्धि पुलिस द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। पुलिस की ओर से बच्चों के अधिकार, उनकी सुरक्षा और किसी भी प्रकार की परेशानी की स्थिति में सहायता लेने को लेकर जागरूकता संदेश प्रसारित किये जा रहे हैं।
पुलिस का उद्देश्य बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों और आम लोगों को भी बाल संरक्षण के प्रति सजग करना है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि किसी बच्चे के साथ दुर्व्यवहार या मानसिक प्रताड़ना की जानकारी मिलती है, तो लोग इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। जाहिर है पुलिस के इस कदम की लोग सराहना करेंगे।

