339 किलो गांजा तस्करी में फरार अंतरराष्ट्रीय तस्कर रविश मोतिहारी से गिरफ्तार
रक्सौल। हरैया थाना क्षेत्र में कंटेनर से 339.36 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद होने के मामले में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे प्राथमिकी नामजद अभियुक्त रविश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार हरसिद्धि थाना क्षेत्र का निवासी रविश मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े मामले में काफी दिनों से फरार चल रहा था। हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कांड का नामजद अभियुक्त रविश कुमार मोतिहारी नगर थाना क्षेत्र के आजाद नगर, एकौना स्थित अपने निजी आवास पर छिपा हुआ है।
सूचना मिलते ही नगर थाना, हरैया थाना एवं जिला आसूचना इकाई की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल छापेमारी की गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर फरार अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब हो कि हरैया थाना कांड संख्या-90/26 में एक कंटेनर वाहन से 339.36 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया था। मामले में रविश कुमार को प्राथमिकी में नामजद किया गया था। गिरफ्तार रविश कुमार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय, मोतिहारी में उपस्थापित करने के लिए भेज दिया गया।

