सिवान में दारोगा की गला रेत कर हत्या
सिवान। जिले में पदस्थापित एएसआई(दारोगा) की गला रेतकर हत्या की गई। मृतक दरोगा का नाम अनिरुद्ध कुमार है और वह दरौंदा थाने में सहायक अवर निरीक्षक के पद पर तैनात थे। मिली जानकारी के अनुसार दरोगा अनिरुद्ध कुमार का शव रहर के खेत से बरामद किया गया है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना दरौदा थाना क्षेत्र के सिरसाव नवका टोला गांव के निकट बुधवार की रात की बतायी जा रही है।दरौंदा थाना पुलिस के अनुसार अनिरुद्ध गांव में गश्त पर थे।
गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में उनका खून से लथपथ शव पड़ा देखा। उनके गले पर गहरी चोट के निशान पाए गए हैं।ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी. घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है। वहीं मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है।
घटना की सूचना पर सिवान एसपी मनोज तिवारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने इस मामले की जांच के लिए पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया है।टीम आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। एसपी मनोज तिवारी ने कहा कि अपराधियों की जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होने बताया प्राथमिक जांच से पता चलता है कि अनिरुद्ध किसी अपराधी पर नजर रख रहे थे,जिस कारण अपराधियों ने उनकी हत्या को अंजाम दिया है। उल्लेखनीय है,कि इसके पूर्व सिवान में पुलिस पर हमले की घटना घट चुकी है।

