आंदोलनकारी छात्रो से मिले चिराग पासवान,छात्रो से लिये ज्ञापन सीएम को सौपा,लाठीचार्ज को बताया अनुचित
पटना। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान गर्दनीबाग धरनास्थल पहुंचे, जहां उन्होंने आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात की। इस दौरान छात्रों ने अपनी समस्याओं और मांगों को विस्तार से उनके सामने रखा।
धरनास्थल पर छात्रों ने चिराग पासवान को अपनी 15 सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। केंद्रीय मंत्री ने छात्रों की मांगों और उनकी समस्याओं को सुना तथा इन मुद्दों को गंभीरता से लेने का भरोसा दिलाया।
छात्रों की मांगों को लेकर चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष छात्रों की प्रमुख मांगों को रखा और छात्र हित में संवेदनशीलता के साथ सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।
चिराग पासवान ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि छात्र समाज और देश का भविष्य हैं और उनकी समस्याओं को सुनकर संवाद के माध्यम से समाधान निकालना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि किसी भी समस्या का समाधान बातचीत और सकारात्मक पहल से किया जा सकता है। सरकार को छात्रों की जायज मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करना चाहिए, ताकि युवाओं के बीच विश्वास और सकारात्मक माहौल बना रहे।चिराग पासवान ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) छात्रों, युवाओं और आम लोगों की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।
पार्टी रोजगार, शिक्षा और युवाओं के बेहतर भविष्य से जुड़े मुद्दों को सरकार के समक्ष उठाती रही है और आगे भी छात्रों के हित में प्रयास जारी रखेगी।

