बेतिया राज के जमीन को लेकर 27 अगस्त को भाकपा-माले डीएम के समक्ष देगा धरना
मोतिहारी। भाकपा (माले) प्रखंड कमेटी तुरकौलिया की बैठक सोमवार को कवलपुर स्थित कामरेड नीलम देवी के आवास पर हुई। अध्यक्षता प्रखंड सचिव कामरेड विशेश्वर प्रसाद कुशवाहा और संचालन किसान महासभा के जिला सचिव कामरेड शंभू लाल यादव ने की।
इस अवसर पर गांव-गांव में पार्टी सदस्यता का विस्तार करने, कमेटियों का गठन करने तथा महिलाओं, छात्रों और युवाओं को संगठित करने की ठोस रणनीति बनाई गई। वहीं छात्राओं और छात्रों के हित में तथा गांव-गांव में चरमराती शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ अभिभावकों की बैठकें आयोजित कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की गारंटी सुनिश्चित करने की रणनीति भी तय की गई।
इस दौरान बेतिया राज से खरीदी गई किसानों एवं रैयतों की जमीन छीनने के सरकारी प्रयासों के खिलाफ 27 अगस्त 2026 को जिलाधिकारी के समक्ष धरना देने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा, 6 सितंबर को पटना में आयोजित होने वाली छात्र-युवा संसद में तुरकौलिया से बड़ी संख्या में छात्र, मजदूर, महिलाएं और किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने का फैसला किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाकपा (माले) के जिला सचिव संजय कुमार ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बेतिया राज की जमीन खरीद कर सालों से खेती कर रहे किसानों से भाजपा सरकार उनकी जमीन छीनना चाहती है। हमारी पार्टी किसानों की हक-मारी नहीं होने देगी।
यदि सरकार ने जमीन छीनने का प्रयास बंद नहीं किया, तो हम एक बड़ा जन-आंदोलन खड़ा करने के लिए बाध्य होंगे। इस अवसर पर किसान महासभा के जिला सचिव कामरेड शंभू लाल यादव, कामरेड राम प्रवेश सहनी, सुरेंद्र महतो, नीलम देवी, परमशीला देवी, रामदेनी सहनी सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

