नवजात के खरीद बिक्री के आरोप में 5 गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी
-नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने की कारवाई
मोतिहारी।शहर में नवजात शिशु की खरीद-बिक्री के एक कथित सिंडिकेट का उद्भेदन करने का पुलिस ने दावा किया है। मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने नवजात शिशु को सकुशल बरामद कर लिया है।
इसके साथ ही कथित खरीद-बिक्री में इस्तेमाल किए गए 1.50 लाख रुपये भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में नवजात के माता-पिता, बच्चे को खरीदने वाली महिला, एक कथित बिचौलिया और एक आशा कार्यकर्ता शामिल हैं।
घटना को लेकर नगर थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में पुलिस ने प्रमोद साहनी, उनकी पत्नी हिंदूदेवी , तान्या खातून उर्फ कुरैशा खातून, आशा कार्यकर्ता शोभा सिंह और चिंता देवी को गिरफ्तार किया है।
बताते है कि प्रमोद सहनी और उनकी पत्नी हिंदू देवी हरसिद्धि थाना क्षेत्र के कोबेया पकड़िया टोला के रहने वाले हैं। वहीं, तान्या खातून उर्फ कुरैशा खातून नगर थाना क्षेत्र के बलुआ गोपालपुर की निवासी बताई गई है। आशा कार्यकर्ता शोभा सिंह घोड़ासहन थाना क्षेत्र के बगहा और चिंता देवी लाइन बसवरिया की रहने वाली बताई गई हैं।पुलिस ने इस मामले में अग्रेत्तर कारवाई शुरू की है।

