मजुराहा फायरिंग रेंज के पास छापेमारी, हथियारों के जखीरा के साथ हथियार तस्कर गिरफ्तार
-पांच पिस्टल, पांच कारतूस व दस मैगजीन बरामद
-डीएसपी सदर के नेतृत्व मे हुई छापेमारी में समस्तीपुर का निकला आर्म्स सप्लायर
तुरकौलिया। रघुनाथपुर थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर से सटे मजुराहा फायरिंग रेंज के समीप छापेमारी कर एक हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से पांच पिस्टल, पांच कारतूस और दस मैगजीन बरामद की गई हैं। पुलिस इस मामले को हथियार तस्करी के बड़े नेटवर्क से जोड़कर जांच कर रही है।
गुरुवार को रघुनाथपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में सदर डीएसपी दिलीप कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि एक तस्कर अवैध हथियारों की खेप लेकर शहर में डिलीवरी देने आने वाला है। सूचना के आधार पर रघुनाथपुर पुलिस ने मजुराहा फायरिंग रेंज के पास घेराबंदी कर छापेमारी की गई। इस दौरान एक संदिग्ध युवक को झोले के साथ पकड़ा गया। तालाशी लेने पर झोले से पांच पिस्टल, पांच कारतूस और दस मैगजीन बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर गांव निवासी नूर मोहम्मद के पुत्र मोहम्मद अहमद के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि वह हथियारों की खेप शहर में किसी व्यक्ति को पहुंचाने आया था। हालांकि पुलिस ने जांच प्रभावित होने की आशंका के कारण डिलीवरी लेने वाले व्यक्ति का नाम सार्वजनिक नहीं किया है। डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ के आधार पर रघुनाथपुर, मजुराहा और आसपास के अन्य इलाकों में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा हथियारों की आपूर्ति कहां से और किसे की जा रही थी। इस कार्रवाई में सदर डीएसपी दिलीप कुमार, इंस्पेक्टर धर्मवीर भारती, रघुनाथपुर थानाध्यक्ष धनंजय कुमार तथा पुलिस बल के जवान शामिल थे।

