दो बच्चों की मां  देवर के संग घर से फरार, पति ने दर्ज कराई प्राथमिकी

दो बच्चों की मां  देवर के संग घर से फरार, पति ने दर्ज कराई प्राथमिकी
Facebook WhatsApp

-नकद 1.20 लाख रूपये व जेवरात के साथ भागी  महिला

हरसिद्धि। थाना क्षेत्र के एक गांव में दो बच्चों की मां  अपने रिश्ते के देवर के साथ घर से फरार होने का मामला सामने आया है। महिला के पति ने हरसिद्धि थाना में आवेदन देकर आरोपी युवक और उसके परिजनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

थाना में दिए आवेदन में महिला के पति ने बताया है कि उसकी शादी करीब दस वर्ष पूर्व तुरकौलिया थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। शादी के बाद दोनों के दो बच्चे हुए। पति मजदूरी करने के लिए तमिलनाडु में रहता है, जबकि उसकी पत्नी दोनों बच्चों के साथ गांव स्थित घर पर रहती थी। पति का आरोप है कि इसी दौरान उसके रिश्ते का भाई रौशन कुमार, जो जैल मुरारपुर निवासी अशोक यादव का पुत्र है, अक्सर उसके घर आने-जाने लगा।

आरोप है कि इसी क्रम में रौशन कुमार ने उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने प्रभाव में ले लिया और दोनों के बीच संबंध स्थापित हो गया। इसकी जानकारी मिलने के बाद परिवार और ग्रामीण स्तर पर मामले को सुलझाने के लिए पंचायत भी बैठाई गई थी।

हालांकि, पति का आरोप है कि पंचायत में समझाने के बावजूद युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। आवेदन में पति ने बताया है कि हाल के दिनों में उसकी पत्नी दोनों बच्चों को घर पर छोड़कर रौशन कुमार के साथ फरार हो गई।

पति का आरोप है कि महिला घर से निकलते समय जेवरात के अलावा करीब 1.20 लाख रुपये नकद भी अपने साथ ले गई है। पति के अनुसार, जब उसने इस संबंध में रौशन कुमार के परिजनों से पूछताछ की तो उसके पिता अशोक यादव कथित रूप से मारपीट करने पर उतारू हो गए।

घटना के बाद महिला के पति ने हरसिद्धि थाना पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी और पत्नी की बरामदगी तथा आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page