रिंग में दमदार मुक्कों से सनी ने रचा इतिहास, काठमांडू में जीता विश्व मिक्स बॉक्सिंग का स्वर्ण
रक्सौल। रक्सौल के सनी कुमार ने नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित विश्व मिक्स बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। 29 से 31 जुलाई तक हुए इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में सनी ने अपने दमदार खेल से प्रतिद्वंद्वियों को मात दी और विश्व विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
सनी का खेल सफर 13 वर्ष की उम्र में शुरू हुआ। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। लगातार अभ्यास, कठिन प्रशिक्षण और अनुशासन के बल पर उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बनाई। मिक्स बॉक्सिंग के साथ-साथ किकबॉक्सिंग, जू-जित्सु, ताइक्वांडो, एमएमए और कराटे में भी उन्होंने अपनी प्रतिभा दिखाई है।
विश्व चैंपियन बनकर रक्सौल लौटे सनी के स्वागत में शहर के खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों में उत्साह देखा गया। उनकी उपलब्धि पर परिवार, प्रशिक्षकों और मित्रों ने खुशी जताई। लोगों ने कहा कि सनी की सफलता ने रक्सौल को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाई है।
उनकी यह उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देखते हैं। सनी अब भविष्य में भी विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने और कॉम्बैट स्पोर्ट्स में भारत का नाम ऊंचा करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ना चाहते हैं। इस उपलब्धि पर वार्ड पार्षद रवि कुमार गुप्ता, समाजसेवी सुनील कुमार, इरशाद आलम सहित अन्य लोगों ने उनका स्वागत कर बधाई दी है।

