गन्ने की खेत में मिला महिला का गला रेता शव, हत्या से इलाके में सनसनी

गन्ने की खेत में मिला महिला का गला रेता शव, हत्या से इलाके में सनसनी
Facebook WhatsApp

-खोजी कुत्ता व एफएसएल की टीम बदमाशों की पहचान का प्रयास किया 

मृत महिला पहाड़पुर थाना के बनकटवा की थी रहने वाली

हरसिद्धि। थाना क्षेत्र के कृतपुर पंचायत के गड्डूपुर सरेह स्थित गन्ने की खेत से बुधवार को एक महिला का गला रेतकर हत्या किया हुआ शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान पहाड़पुर थाना क्षेत्र के बनकटवा गांव निवासी झमन मियां की पत्नी नगमा खातून के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही अरेराज डीएसपी रवि कुमार, हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाएं। बदमाशों की पहचान के लिए खोजी कुत्ता भी दौड़ लगया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

मृतका के पुत्र ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि मंगलवार को वह अपनी मां को बाइक से लेकर अरेराज स्थित एक बैंक से पैसे निकालने गया था। बैंक से राशि निकालने के बाद दोनों वापस अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में गड्डूपुर चिमनी के समीप वह बाइक रोककर शौच करने लगा। इसी दौरान एक बोलेरो वाहन से पहुंचे कुछ बदमाशों ने उसकी मां के पास मौजूद पैसे छीनने का प्रयास किया।

विरोध करने पर बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। अपनी जान बचाने के लिए वह बाइक लेकर वहां से भाग निकला, जबकि बदमाश उसकी मां को जबरन बोलेरो में बैठाकर अपने साथ ले गए। बुधवार की सुबह उसी स्थान के समीप गन्ने के खेत में नगमा खातून का शव मिलने की सूचना मिली। शव पर गला रेतने के निशान मिले हैं, जिससे स्पष्ट है कि उनकी नृशंस हत्या की गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। प्राथमिक जांच में पुलिस कई बिंदुओं पर छानबीन कर रही है। मृतका के परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा घटना को लेकर कई आशंकाएं जताई जा रही हैं।

वहीं, पुलिस सूत्रों के अनुसार हत्या के पीछे किसी करीबी रिश्तेदार की संलिप्तता की आशंका से भी इनकारा नहीं  जा सकता है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी जांच प्रारंभिक चरण में है और सभी पहलुओं की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने बताया कि एफएसएल टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page