चक्रवाती तूफान अकवान हुआ सक्रिय, शुक्रवार को आंध्र तट से टकराने की आशंका

चक्रवाती तूफान अकवान हुआ सक्रिय, शुक्रवार को आंध्र तट से टकराने की आशंका
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ लगातार उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके आज शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान और गुरुवार सुबह तक बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका है।यह तूफान शुक्रवार, 20 नवंबर की दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी के यनम के तटों को नेल्लोर एवं टुनी के बीच पार कर सकता है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक चक्रवात पिछले छह घंटों के दौरान तीन किलोमीटर प्रति घंटे की धीमी गति से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा। मंगलवार सुबह 5:30 बजे यह दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर 12.2 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 85.7 डिग्री पूर्वी देशांतर पर केंद्रित था।

इस समय यह चेन्नई से लगभग 610 किलोमीटर पूर्व, श्रीलंका के त्रिंकोमाली से 630 किलोमीटर उत्तर-पूर्व, आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम से 660 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम से 670 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से करीब 790 किलोमीटर दक्षिण में स्थित था।

आईएमडी के मुताबिक तूफान के 20 नवंबर की दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यनम तट के बीच नेल्लोर और टुनी के मध्य समुद्र तट से टकराने का पूर्वानुमान है। इस दौरान इसकी निरंतर हवा की गति 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि तेज झोंकों के साथ हवा की रफ्तार 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।

आईएमडी के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में बुधवार सुबह के समय धुंध और कोहरा छाया रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 25-27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12-14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 19-20 नवंबर की सुबह हल्का से मध्यम कोहरा तथा अधिकतम तापमान 24-26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11-13 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।पूर्वी भारत के ओडिशा, बंगाल, झारखंड में 19-21 नवंबर के दौरान भारी बारिश होने के आसार हैं।

इसी दौरान गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और 20-21 नवंबर को झारखंड में भारी बारिश हो सकती है। 17-18 नवंबर को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी व्यापक बारिश की संभावना है।

मध्य भारत के छत्तीसगढ़ में 20-21 नवंबर के दौरान 40-60 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी 21 नवंबर को भारी बारिश का पूर्वानुमान है। वहीं, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल में 18-20 नवंबर के दौरान और तटीय आंध्र प्रदेश में 21 नवंबर को 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page