जदयू ने राष्ट्रीय संगठन में किया बड़ा फेरबदल, पूर्व सांसद चंदेश्वर चंद्रवंशी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, आफाक अहमद खान बने महासचिव

जदयू ने राष्ट्रीय संगठन में किया बड़ा फेरबदल, पूर्व सांसद चंदेश्वर चंद्रवंशी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, आफाक अहमद खान बने महासचिव
Facebook WhatsApp

-श्रवण कुमार को उत्तर प्रदेश संगठन की जिम्मेदारी, कई राज्यों के प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त

-राजीव रंजन प्रसाद को राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं मीडिया प्रकोष्ठ का प्रभार, कमलेश झा दिल्ली इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष बने

पटना। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने अपने राष्ट्रीय संगठन को मजबूत और अधिक सक्रिय बनाने के उद्देश्य से संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। पार्टी ने मंगलवार को नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों, विभिन्न राज्यों के प्रभारियों और सह-प्रभारियों की सूची जारी की। इसके तहत अफाक अहमद खान राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है। जबकि चंदेश्वर चंद्रवंशी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार को उत्तर प्रदेश में संगठन की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि पूर्व सांसद अनिल प्रसाद हेगड़े को पूर्वोत्तर राज्यों का सह-प्रभारी बनाया गया है।

राष्ट्रीय महासचिवों में विधायक श्याम रजक को महाराष्ट्र, विधायक रामसेवक सिंह को झारखंड और पूर्व विधायक रमेश सिंह कुशवाहा को उत्तर प्रदेश का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। पूर्व सांसद कंवरदीप कौर को महिला विंग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, पूर्व विधायक सुनील कुमार को दिल्ली और पूर्व सांसद मौलाना गुलाम रसूल बलियावी को अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का प्रभारी बनाया गया है। राज सिंह मान को हरियाणा, मनीष कुमार वर्मा को ओडिशा और हरविंदर सिंह को गोवा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं मीडिया प्रकोष्ठ का दायित्व राजीव रंजन प्रसाद को दिया गया है।

पार्टी ने राष्ट्रीय महासचिवों के साथ राष्ट्रीय सचिवों की सूची भी जारी की है। इसके तहत रवींद्र प्रसाद सिंह को छत्तीसगढ़, विद्या सागर निषाद को मध्य प्रदेश और दयानंद राय को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। संजय कुमार को कर्नाटक, मोहम्मद निसार को पार्टी मुख्यालय एवं तमिलनाडु, शैलेंद्र कुमार को पंजाब, रूहल नागुण को असम और धर्मेंद्र तिवारी को पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

महिला संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से निवेदिता कुमारी को महिला प्रकोष्ठ का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। संगठनात्मक फेरबदल के तहत शैलेंद्र कुमार को दिल्ली इकाई के अध्यक्ष पद से मुक्त कर राष्ट्रीय सचिव एवं पंजाब राज्य इकाई का प्रभारी बनाया गया है।

वहीं, कमलेश झा को तत्काल प्रभाव से दिल्ली इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा सुधीर बांका को मध्य प्रदेश राज्य इकाई का अध्यक्ष बनाया गया है।जदयू ने राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट के रूप में भी तीन लोगों को शामिल किया है। इनमें निखिल मंडल, विधायक कोमल सिंह और शालिनी पटेल के नाम शामिल हैं।

पार्टी की ओर से जारी विज्ञप्ति में इनके संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराए गए हैं।

पार्टी के इस संगठनात्मक फेरबदल को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी राजनीतिक गतिविधियों और विभिन्न राज्यों में संगठनात्मक विस्तार को गति देने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page