बोधगया में 21वें अंतरराष्ट्रीय त्रिपिटक चैंटिंग समारोह की तैयारी तेज, 2 दिसंबर से जुटेंगे 25 हजार बौद्ध श्रद्धालु

बोधगया में 21वें अंतरराष्ट्रीय त्रिपिटक चैंटिंग समारोह की तैयारी तेज, 2 दिसंबर से जुटेंगे 25 हजार बौद्ध श्रद्धालु
Facebook WhatsApp

-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन

– 2 से 12 दिसंबर तक चलेगा आयोजन

-भारत निभाएगा मुख्य आयोजक देश की भूमिका

पटना। भगवान बुद्ध की ज्ञानस्थली बोधगया में 2 दिसंबर से दुनिया के विभिन्न देशों के हजारों बौद्ध भिक्षु, श्रद्धालु और पर्यटक जुटेंगे।यहां 2 से 12 दिसंबर तक 21वें अंतरराष्ट्रीय त्रिपिटक चैंटिंग समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें करीब 25 हजार देशी-विदेशी लोगों के शामिल होने की संभावना है। इस बार भारत मुख्य आयोजक देश की भूमिका निभाएगा। समारोह का उद्घाटन 2 दिसंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे।

अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन को भव्य बनाने के लिए जिला प्रशासन और आयोजक संस्था ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भारत के विभिन्न राज्यों के अलावा कई देशों से बड़ी संख्या में बौद्ध भिक्षुओं और श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। संभावित भीड़ को देखते हुए आवासन, भोजन और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की जा रही है। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए बोधगया स्थित विभिन्न बौद्ध मठों में इंतजाम किए जाएंगे।

यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि दुनिया के विभिन्न देशों की बौद्ध परंपराओं और संस्कृतियों को एक मंच पर लाएगा। 11 दिनों तक चलने वाले समारोह में भगवान बुद्ध के उपदेशों का पाठ करने के साथ विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

समारोह का विधिवत उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और श्रीलंका में भारत के राजदूत सहित कई विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।

आयोजन के लिए बोधगया के ऐतिहासिक कालचक्र मैदान में विशाल टेंट पंडाल तैयार किया जाएगा। यहां धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। समारोह के धार्मिक और पारंपरिक कार्यक्रमों के संचालन की जिम्मेदारी लाइट ऑफ बुद्धा धम्मा फाउंडेशन को सौंपी गई है।

फाउंडेशन के निदेशक रंजन कुमार के अनुसार, बांगबो डिक्सी के नेतृत्व में महाबोधि मंदिर की सजावट, शोभायात्रा और श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था की जाएगी। आयोजन को सफल बनाने के लिए बिहार सरकार, जिला प्रशासन और फाउंडेशन के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है। धार्मिक कार्यक्रमों के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि 21वें अंतरराष्ट्रीय त्रिपिटक चैंटिंग समारोह में भारत दूसरी बार मुख्य आयोजक देश की भूमिका निभा रहा है। इससे पहले थाईलैंड और कंबोडिया चार-चार वर्ष, म्यांमार चार वर्ष, श्रीलंका दो वर्ष, बांग्लादेश और लाओस संयुक्त रूप से दो वर्ष तथा वियतनाम दो वर्ष तक इस आयोजन की मेजबानी कर चुके हैं।

त्रिपिटक बौद्ध धर्म के सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक ग्रंथों में शामिल है। इसमें भगवान गौतम बुद्ध के उपदेशों, जीवन दर्शन, ध्यान साधना और बौद्ध संघ के अनुशासन से जुड़े सिद्धांतों का संकलन है। इस ग्रंथ को तीन प्रमुख भागों में विभाजित किया गया है।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page