तीसरी सोमवारी को अरेराज सोमेश्वरनाथ धाम में हेलीकाॅप्टर से हुई पुष्प वर्षा,श्रद्धालुओ में दिखा खासा उत्साह
मोतिहारी/अरेराज। श्रावण मास की तीसरी सोमवारी पर अरेराज स्थित बाबा सोमेश्वरनाथ धाम में बिहार सरकार के पर्यटन विभाग द्धारा मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर के माध्यम से पुष्प वर्षा कराई गई।
फूलों की वर्षा होते ही श्रद्धालुओ में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर सहित पूरा मंदिर मार्ग “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से गूंजयमान होता रहा। हेलीकॉप्टर के द्धारा आसमान से फूलों की बरसात देखकर भक्त आह्रालादित दिखे।बड़ी संख्या में लोगों ने इस विहंगम दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए।

श्रद्धालुओं ने पर्यटन विभाग की इस पहल को अनूठा बताया। उल्लेखनीय है,कि तीसरी सोमवारी को लेकर अहले सुबह से ही अरेराज धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी थी। बिहार के विभिन्न जिलों के साथ नेपाल और दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा सोमेश्वरनाथ को जलाभिषेक करने पहुंचे।
इस दौरान पुष्प वर्षा होने से श्रद्धालुओ का उत्साह दोगुना हो गया। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं में फूलों को प्रसाद के रूप में पाने को लेकर भी खासा उत्साह देखने को मिला।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस एवं प्रशासनिक कर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर खासा सक्रिय दिखे।

