प्रशांत किशोर ने ली बिहार विधानसभा की सदस्यता,अध्यक्ष प्रेम कुमार ने दिलाई सदस्यता
पटना। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने सोमवार को बिहार विधानसभा के सदस्यता ली। सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार के कार्यालय कक्ष में उन्होंने विधायक पद की शपथ ली।जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर बांकीपुर से निर्वाचित होने के बाद अब औपचारिक रूप से बिहार विधानसभा के सदस्य बन गए हैं।
पद की शपथ लेने के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि जिस सदन के सदस्य श्रीबाबू,अनुग्रह बाबू,कर्पूरी ठाकुर,रामविलास पासवान,लालू यादव,नीतीश कुमार,केदार पांडेय व सुशील मोदी जैसे नेता रहे उस सदन की सदस्य बनना मेरे लिए गौरव की बात है।
उन्होने बांकीपुर के युवाओं के लिए रोजगार को अपना प्रमुख एजेंडा बताया है। उन्होंने अगले एक-दो वर्षों में क्षेत्र के कम से कम 10 हजार युवाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा है।इसके लिए उन्होंने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के युवाओं से अपना सीवी और बायोडाटा उनके कार्यालय में जमा करने की अपील की है।
उन्होने कहा कि पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी की तलाश कर रहे युवा अपना विवरण उपलब्ध कराएं, ताकि उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ा जा सके।
हालांकि, प्रशांत किशोर ने एकबार फिर यह भी स्पष्ट किया कि उनका लक्ष्य सरकारी नौकरी देने की गारंटी नहीं है। उन्होंने कहा कि देशभर में मौजूद अपने संपर्कों के माध्यम से युवाओं को बड़ी कंपनियों और रोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
प्रशांत किशोर ने संकेत दिया कि जरूरत पड़ने पर युवाओं को नौकरी के लिए बिहार से बाहर भी जाना पड़ सकता है। उनका फोकस सरकारी नौकरी के बजाय निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों तक युवाओं की पहुंच बनाने पर है।

