चकिया के मनी छपरा में युवक का खून से लथपथ मिला शव,धारदार हथियार से हत्या की आशंका
-एफएसएल और डॉग स्क्वायड ने किया घटना का जांच
मोतिहारी। चकिया थाना क्षेत्र के मणि छपरा वार्ड संख्या-01 में शनिवार की सुबह युवक के खून से लथपथ शव को देख पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।मृतक की पहचान मणि छपरा निवासी 35 वर्षीय राजेश चौधरी के रूप में हुई। हत्या की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही चकिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और वहां से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किया गया।
बताया गया है कि घटना के पीछे के कारण को जांचोपरांत ही बताया जा सकेगा। युवक की इस तरह से नृशंस हत्या के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं, जबकि मृतक के परिजन दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।

