जल-निकासी से मिलेगी मुक्ति, जगमग होगा शहर:महापौर 

जल-निकासी से मिलेगी मुक्ति, जगमग होगा शहर:महापौर 
Facebook WhatsApp

-महापौर प्रीति कुमारी गुप्ता ने बैठक कर शहर वासियों को भरोसा दिलाया

मोतिहारी। नगर निगम मोतिहारी की बोर्ड बैठक में वर्षा ऋतु के दौरान नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, जल-जमाव की समस्या के स्थायी समाधान, शहर की स्वच्छता एवं प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर हाई मास्ट लाइट अधिष्ठापन के संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

निगम क्षेत्र के सभी जल-जमाव प्रभावित क्षेत्रों की व्यापक समीक्षा करते हुए वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए समुचित जल-निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए मुख्य नालों एवं गली-मोहल्लों की नालियों की वार्डवार सूची तैयार कर रोस्टर के अनुसार नियमित रूप से नाला सफाई कराई जाएगी, जिससे जल-निकासी बाधित न हो तथा जल-जमाव की समस्या का प्रभावी समाधान हो सके। प्रत्येक वार्ड में प्रतिदिन न्यूनतम चार सफाई कर्मियों द्वारा सूचीबद्ध नालों की सफाई सुनिश्चित की जाएगी तथा इसकी नियमित निगरानी संबंधित स्वच्छता निरीक्षक एवं वार्ड जमादार द्वारा की जाएगी।

जिन क्षेत्रों में नाला सफाई एवं जल-निकासी कार्य संतोषजनक नहीं पाया जाएगा, वहां संबंधित स्वच्छता निरीक्षक, वार्ड जमादार एवं कार्यदायी एजेंसी की जवाबदेही निर्धारित करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई एवं नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में अधिष्ठापित एलईडी स्ट्रीट लाइटों की समीक्षा कर खराब एवं बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की सूची तैयार कर उनका अविलंब अनुरक्षण एवं मरम्मत कराने पर विचार-विमर्श किया गया। समीक्षा के दौरान स्ट्रीट लाइट अनुरक्षण एवं मरम्मत कार्य कर रही एजेंसी के कार्यों पर असंतोष व्यक्त किया गया।

एजेंसी द्वारा लगातार लापरवाही बरते जाने एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण नहीं किए जाने के कारण संबंधित एजेंसी के साथ किए गए अनुरक्षण (मेंटेनेंस) कार्य के अनुबंध (एग्रीमेंट) को निरस्त करने पर विचार किया गया। साथ ही निर्णय लिया गया कि आवश्यक वैधानिक एवं विभागीय प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत नगर निगम अपने स्तर से स्ट्रीट लाइटों के अनुरक्षण एवं मरम्मत कार्य की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा, ताकि नागरिकों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।

इस अवसर पर विचार किया गया कि बुडको द्वारा नगर निगम मोतिहारी क्षेत्र के छतौनी बस स्टैंड, छतौनी पायल सिनेमा चौक, मधुबन छावनी चौक, मीना बाजार चौक, ज्ञानबाबू चौक, गाजागद्दी चौक, चमरपट्टी चौक, जानपुल चौक, बलुवा चौक, डाकबंगला चौक, नगर थाना चौक, टाउन हॉल चौक, हवाई अड्डा चौक एवं कुंआरी देवी चौक पर हाई मास्ट लाइट अधिष्ठापन हेतु निविदा आमंत्रित की गई है। किंतु नगर निगम के कुछ पुराने एवं विस्तारित (उत्क्रमित) क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों को उक्त योजना में शामिल नहीं किया गया है।

अतः जनहित, रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था, व्यवसायिक गतिविधियों को प्रोत्साहन तथा आम नागरिकों की सुरक्षा के दृष्टिगत नगर निगम निधि से चैलाहा चौक, कमेटी चौक (ढाका रोड), बैरिया देवी मंदिर चौक, रघुनाथपुर चौक, सलाम नगर मोड़ (एनएच-28), मठिया जिरात मोड़ (एनएच28), दुर्गा चौक (बरियारपुर), मोतिहारी प्रखंड कार्यालय, बालगंगा चौक एवं बसवरिया चौक सहित अन्य आवश्यक स्थलों पर हाई मास्ट लाइट अधिष्ठापित कराए जाने पर विचार किया गया।

इस योजना के क्रियान्वयन से नगर निगम क्षेत्र के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर समुचित प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा नागरिकों की सुरक्षा, आवागमन की सुविधा एवं रात्रिकालीन व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि उपर्युक्त सभी निर्णयों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा की जाए, ताकि नगरवासियों को बेहतर, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page