गर्भवती महिला हत्या मामले में मुरारपुर के बघउत मे छापेमारी,पति गिरफ्तार

गर्भवती महिला हत्या मामले में मुरारपुर के बघउत मे छापेमारी,पति गिरफ्तार
Facebook WhatsApp

मोतिहारी। हरसिद्धि थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरारपुर पंचायत के बघउत गांव में तीन दिन पूर्व हुई गर्भवती महिला की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी मृतका कविता कुमारी का पति रणधीर कुमार है, जो बघउत निवासी रामबाबू यादव का पुत्र बताया जा रहा है।

थानाध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी रणधीर को पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। मालूम हो कि 25 जुलाई को बघउत गांव से कविता कुमारी का शव संदिग्ध परिस्थिति में बरामद किया गया था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।

मामले को लेकर मृतका के पिता सुरेन्द्र राय, जो पिपरा कोठी थाना क्षेत्र के बालथरवा गांव के निवासी हैं, ने हरसिद्धि थाना में आवेदन देकर दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया था। एफआईआर में सुरेन्द्र राय ने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री कविता की शादी इसी वर्ष मार्च माह में रणधीर कुमार से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा पांच लाख रुपये दहेज की मांग की जा रही थी। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर कविता को लगातार प्रताड़ित किया जाता था और अंततः उसकी हत्या कर दी गई।

परिजनों ने यह भी बताया कि कविता कुमारी तीन माह की गर्भवती थी, जिससे घटना और भी संवेदनशील हो गई है। इस मामले में मृतका के पति रणधीर कुमार, ससुर रामबाबू यादव सहित कुल नौ लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।

थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। मायके के लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, वहीं पुलिस प्रशासन ने जल्द न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page