बुनियादी साक्षरता के नोडल शिक्षकों एवं मेंटरों का एक दिवसीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण
मोतिहारी। जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में अवस्थित शिक्षा भवन के प्रशाल में जिला शिक्षा पदाधिकारी, श राजन कुमार गिरि की अध्यक्षता में “बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान” अभियान को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से चिन्हित नोडल शिक्षकों एवं मेंटरों का एक दिवसीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कक्षा 4 से 8 तक के बच्चों में पढ़ने, लिखने और बुनियादी गणितीय कौशल को सुदृढ़ करना है, ताकि प्रत्येक बच्चा अपनी कक्षा के अनुरूप दक्षता प्राप्त कर सके।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि कक्षा 4-8 के लिए गतिविधि आधारित शिक्षण, आंकलन तकनीक, शिक्षण अधिगम सामग्री का उपयोग एवं कक्षा में उपचारात्मक शिक्षण है। बच्चों में पढ़ने की समझ, लेखन, क्षमता और संख्या ज्ञान, जोड़-घटाव, गुणा-भाग जैसी आधारभूत संकल्पनाओं को रोचक तरीके से विकसित करना इसका उद्देश्य है।
जबकि जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ,समग्र शिक्षा अभियान ब्रजेश कुमार ने कहा कि ” भारत मिशन के तहत अब हमारा लक्ष्य केवल कक्षा 3 तक ही सीमित नहीं है। कक्षा 4 से 8 के बच्चों में जो सीखने की कमी रह गई है, उसे नोडल शिक्षक और मेंटर विद्यालय स्तर पर चिन्हित कर विशेष कक्षाओं और गतिविधियों के माध्यम से दूर किया जायेगा। आप सभी इस अभियान के सेतु हैं।”
उन्होंने सभी नोडल शिक्षकों को निर्देश दिया कि वे अपने आवंटित विद्यालयों में नियमित रूप से भ्रमण कर शिक्षकों का सहयोग करें, बच्चों का बेसलाइन आकलन करें और प्रत्येक माह प्रगति प्रतिवेदन जिला कार्यालय को उपलब्ध कराएं। प्रशिक्षण में राज्य से आए प्रथम संस्था के ट्रेनर्स द्वारा मॉडल पाठ, खेल आधारित अधिगम और टीएलएम निर्माण का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया।
जबकि संभाग प्रभारी सह अपर जिला कार्यक्रम समन्वयक रामदेव महतो ने सभी संबंधित शिक्षको को सभी प्रकार के सहयोग देने की बात बताई। इस अवसर पर विशेष आमंत्रित सदस्य नगेन्द्र प्रसाद, रमेश कुमार, राजीव कुमार सिंह, अंजना कुमारी ,सरिता कुमारी ,नबाब ठाकुर, केशव कुमार कश्यप आदि शामिल थे जबकि संचालन कमलेश कुमार सिंह ने किया।

