आरसेटी तक पक्की सड़क बनाने की मांग, महापौर ने दिए त्वरित निर्माण के निर्देश
मोतिहारी। ग्रामीण युवाओं और महिलाओं के कौशल विकास एवं स्वरोजगार प्रशिक्षण के प्रमुख केंद्र सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) तक जाने वाली कच्ची संपर्क सड़क के पक्कीकरण की मांग जोर पकड़ लिया है। शुक्रवार को आरसेटी के निदेशक बिपिन कुमार ने नगर निगम की महापौर प्रीति कुमारी को पत्र सौंपकर ब्रांच रोड से संस्थान परिसर तक पक्की एप्रोच सड़क के शीघ्र निर्माण की मांग की।
निदेशक श्री कुमार द्वारा सौंपे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय (एम.ओ.आर.डी) के मार्गदर्शन तथा सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के तत्वावधान में संचालित आरसेटी में जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों, महिलाओं एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को सिलाई, ब्यूटी पार्लर, मशरूम उत्पादन, डेयरी, बकरी पालन, मुर्गी पालन, पशुपालन, वर्मी कम्पोस्ट सहित विभिन्न स्वरोजगारपरक आवासीय प्रशिक्षण नि:शुल्क उपलब्ध कराए जाते हैं। प्रशिक्षण के उपरांत लाभार्थियों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए बैंक ऋण, हैंडहोल्डिंग तथा अन्य आवश्यक सहयोग भी प्रदान किया जाता है।
श्री कुमार ने बताया कि ब्रांच रोड से आरसेटी तक जाने वाली सड़क अभी कच्ची है। विशेषकर बरसात के मौसम में जलजमाव और कीचड़ के कारण प्रशिक्षुओं, बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों, विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों, अतिथियों एवं स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसका प्रतिकूल प्रभाव प्रशिक्षण गतिविधियों पर भी पड़ता है।उन्होंने जनहित, कौशल विकास और क्षेत्रीय प्रगति को ध्यान में रखते हुए सड़क का शीघ्र निर्माण अथवा सुदृढ़ीकरण कराने का अनुरोध किया। उनका कहना है कि सड़क बनने से प्रतिवर्ष प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले हजारों प्रशिक्षुओं के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की स्थायी सुविधा उपलब्ध होगी।
उक्त मामले की गंभीरता को देखते हुए महापौर प्रीति कुमारी ने संबंधित अधिकारियों को आरसेटी तक एप्रोच सड़क का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र कराने का निर्देश दिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सड़क निर्माण का कार्य जल्द शुरू कराकर इसे समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा।

