सड़क पर बंधी स्टील वायर बनी युवक की मौत का कारण
हरसिद्धि। छपवा मुख्य मार्ग पर एचपी गैस बॉटलिंग प्लांट के समीप सड़क सुरक्षा में कथित लापरवाही एक युवक की मौत का कारण बन गई। बुधवार देर रात गैस से भरे टैंकर को संभालने के लिए सड़क के आर-पार स्टील वायर (टोचन) बांधी गई थी। इसी दौरान बाइक से घर लौट रहे हरसिद्धि वार्ड-4 निवासी 28 वर्षीय राजेश कुमार की गर्दन तार से टकरा गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्लांट प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव को प्लांट के मुख्य द्वार पर रखकर सड़क जाम कर दिया। लोगों का कहना था कि सड़क पर तार बांधने से पहले न तो बैरिकेडिंग की गई और न ही किसी प्रकार का चेतावनी संकेत या प्रकाश की व्यवस्था की गई।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ रवि कुमार, थानाध्यक्ष सुनील कुमार समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस एचपीसीएल प्लांट के मैनेजर को थाना ले गई। पुलिस का कहना है कि परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

