पीपराकोठी में किसानो की जमीन पर जबरन वाटर पार्क निर्माण को लेकर राजद सांसद ने सीएम से पूछा सवाल
पटना। बक्सर से राजद सांसद सुधाकर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूर्वी चंपारण जिले के पीपराकोठी में 300 करोड़ रुपये की किसानो की बेशकीमती जमीन हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि किसानों की करीब 17 एकड़ पुश्तैनी जमीन की पुरानी जमाबंदी रद्द कर उस पर जबरन वाटर पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। सांसद सुधाकर सिंह ने इस पूरे मामले में भाजपा सांसद राधा मोहन सिंह, स्थानीय प्रशासन और भू-माफियाओं की मिलीभगत होने का दावा करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से जवाब मांगा है।
सांसद ने कहा कि जब उन्होंने किसानों के साथ मिलकर इस निर्माण का विरोध किया तो उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी गई। उन्होंने बताया कि एफआईआर में सरकारी काम में बाधा डालने, हत्या के प्रयास और पाकेटमारी जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।
सुधाकर सिंह ने सवाल उठाया कि यदि जमीन पर कोई सरकारी निर्माण नहीं हो रहा था, तो विरोध करने पर उनके खिलाफ सरकारी काम में बाधा का मुकदमा कैसे दर्ज हुआ? प्रेस वार्ता के दौरान सुधाकर सिंह ने इस मामले से जुड़े दस्तावेज और लाइव वीडियो दिखाते हुए प्रशासन के दोहरे रवैये पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि आरटीआई के तहत मांगी गई जानकारी में जिला प्रशासन ने लिखित रूप से यह माना है कि पीपराकोठी में पंचायत या सरकारी योजना के तहत किसी वाटर पार्क का निर्माण नहीं हो रहा है। इतना ही नहीं, पटना हाईकोर्ट में भी राज्य सरकार के अधिवक्ता ने यही बात दोहराई कि जमीन पर न तो सरकार का कब्जा है और न ही कोई निर्माण कार्य चल रहा है।
सांसद ने सवाल किया कि जब सरकारी रिकॉर्ड और अदालत में निर्माण से इनकार किया जा रहा है, तो फिर मौके पर किसके संरक्षण में तेजी से निर्माण कार्य हो रहा है।सुधाकर सिंह ने अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे पर सवाल उठाते कहा कि बीते जुलाई महीने में जब वे किसानों के समर्थन में इस अवैध निर्माण को रोकने गए थे, तो पुलिस ने उन पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, हत्या के प्रयास और पाकेटमारी जैसी गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर दी।
उन्होंने कहा कि जब प्रशासन खुद मान रहा है कि वहां कोई सरकारी योजना ही नहीं चल रही है और एफआईआर भी किसी अधिकारी के बजाय ठेकेदार के मुंशी ने दर्ज कराई है, तो फिर सरकारी काम में बाधा डालने का मुकदमा कैसे बन गया।सांसद सुधाकर सिंह ने आरोप लगाया कि मोतिहारी में भू-माफियाओं का राज चल रहा है।
उन्होंने सीधा निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सांसद राधा मोहन सिंह के नेतृत्व में गरीब किसानों की 300 करोड़ रुपये की जमीन पर कब्जा किया जा रहा है और जिले के डीएम, एसपी और पुलिस प्रशासन इसमें मददगार बने हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से पूछा है, कि बिहार में सरकार मुख्यमंत्री चला रहे हैं या फिर मोतिहारी के भू-माफिया?

