विशेष लोक अदालत की सफलता को लेकर लिपिकों के साथ बैठक आयोजित
मोतिहारी।आगामी विशेष लोक अदालत की सफलता को लेकर न्यायालयों के कार्यालय लिपिकों की बैठक आयोजित की गई।18 जुलाई 2026 को लोक अदालत का आयोजन निर्धारित किया गया है। नतीजतन सफल आयोजन एवं अधिकाधिक वादों के निष्पादन को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, के सचिव नितिन त्रिपाठी की अध्यक्षता में उक्त बैठक आयोजित की गई।
इस अवसर पर सचिव श्री त्रिपाठी ने बताया कि विशेष लोक अदालत में मुख्य रूप से चेक बाउंस (परक्राम्य लिखत अधिनियम, धारा 138) से संबंधित वादों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निष्पादन किया जाएगा।इसके माध्यम से वादों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण होने से वादकारियों के समय, धन एवं अनावश्यक न्यायिक प्रक्रिया से निजात मिलेगा। बताया कि संबंधित वादों के दोनों पक्षों को नोटिस के माध्यम से सूचित किया जा चुका है। लिपिकों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने स्तर से संबंधित अधिवक्ताओं एवं वादकारियों से समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक मामलों को विशेष लोक अदालत में लाकर उनका निष्पादन सुनिश्चित कराएं।
जबकि सभी कर्मियों से विशेष लोक अदालत को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग करने तथा अधिकाधिक मामलों के निस्तारण के लिए गंभीरता एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

