सर्वेक्षण कार्य को समय-सीमा के अन्दर करे पूरा: प्रभारी डीएम
– प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला
मोतिहारी।प्रभारी जिलाधिकारी सह उप विकास आयुत डॉ. प्रदीप कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को को प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय) के तहत प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन डॉ. राजेन्द्र प्रसाद सभागार, में किया गया। कार्यशाला में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अन्तर्गत कराये जाने वाले सर्वेक्षण की प्रक्रिया तथा डेटा संकलन की विस्तृत जानकारी संबंधित पदाधिकारियों के द्वारा दी गई।
वहीं विभाग द्वारा उपलब्ध कराये गये मोबाईल एप्लिकेशन एवं वेब पोर्टल के माध्यम से सर्वेक्षण कार्य संपादित करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी साझा किया। जिला कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि जिलान्तर्गत प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के क्रियान्वयन हेतु 16 प्रखण्ड के 37 पंचायत में 42 ग्राम का चयन किया गया है। योजना का उद्देश्य चयनित ग्रामों का एकीकृत विकास करना है, ताकि सभी अपेक्षित आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कराया जा सके।
आदर्श ग्राम योजना के घटक के तहत 10 डोमेन के अन्तर्गत 50 मॉनिटरेबुल इंडिकेटर निर्धारित है। इस योजना के सफल क्रियान्वयन एवं वार्षिक कार्य योजनाओं का मूल्यांकन जिला स्तर पर जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में मूल्यांकन सह- अभिसरण समिति का गठन किया जा चुका है।
ग्राम स्तर पर सभी चयनित ग्रामों में संबंधित ग्राम पंचायत के मुखिया की अध्यक्षता में ग्राम स्तर पर योजना मूल्यांकन सह अभिसरण समिति का गठन करते हुए सभी चयनित ग्रामों में आधारभूत आंकड़ों के संग्रहण के लिए सर्वेक्षण टीम का गठन किया गया है। जिला पदाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्वेक्षण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के अन्दर गुणवतापूर्ण एवं त्रुटिरहित पूर्ण करते हुए समेकित प्रतिवेदन यथाशीघ्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे, ताकि योजना के अन्तर्गत आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई निर्धारित समय पर की जा सके।
बैठक में ज्ञानेश्वर प्रकाश, जिला सूचना एवं जन-सम्पर्क पदाधिकारी, संतोष कुमार पाण्डेय, जिला कल्याण पदाधिकारी, सभी संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी संबंधित प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, संबंधित प्रखण्ड कल्याण पदाधिकारी, संबंधित प्रखण्ड पंचायती राज पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

