विधायक ने आधार सेवा का किया उद्घाटन
-आमजनो को मिलेगी विभिन्न कार्यो में मिलगी बेहतर सुविधा
मोतिहारी। स्थानीय विधायक प्रमोद कुमार ने उन्नत आधार सेवा का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उप महापौर डॉ. लाल बाबू प्रसाद भी उपस्थित थे। इस उन्नत आधार सेवा केंद्र के खुल जाने से पूर्वी चम्पारण सहित आसपास के क्षेत्रों में आधार सेवाओं की डिलीवरी को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जाएगा। इस केंद्र को उन्नत तकनीकी सुविधाओं और बेहतर अवसंरचना के साथ विकसित किया गया है, ताकि आधार नामांकन और अद्यतन सेवाएं अधिक तेज, पारदर्शी और निवासी अनुकूल तरीके से उपलब्ध कराई जा सकें।
पूर्व में बिहार में यूआईडीएआई के आधार सेवा केंद्र केवल चार जिलों-पटना, मुजफ्फरपुर भागलपुर पूर्णिया में ही उपलब्ध थे। अब इन मौजूदा केंद्रों के साथ-साथ चरणबद्ध तरीके से नए आधार सेवा केंद्र 11 अन्य जिलों में आधार केंद्र स्थापित हो चुके है।विधायक श्री कुमार ने यूआईडीएआई के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहले सार्वजनिक सेवा वितरण में पारदर्शिता, दक्षता और सुविधा को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने अभिभावकों से अपील किया कि वे अपने बच्चों के 5 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर तथा पुनः 15 वर्ष की आयु पर अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट अवश्य कराएं, ताकि बच्चे छात्रवृत्ति जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें तथा जहां लागू हो, वहां नीट, कैट जैसी प्रवेश परीक्षाओं के पंजीकरण में किसी प्रकार की समस्या न हो। उपमहापौर डॉ. प्रसाद ने भी अभिभावकों को अपने बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट कराने के लिए प्रोत्साहित किया और विद्यालयों से आग्रह किया कि वे यूआईडीएआई के मिशन मोड अभियान के अंतर्गत एमबीयू लंबित मामलों को कम करने के लिए सक्रिय पहल करें।
इस कार्यक्रम में यूआईडीएआई राज्य कार्यालय पटना के उपनिदेशक शशि रंजन सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। यह उन्नत आधार सेवा केंद्र पूर्वी चम्पारण (मोतिहारी) और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों के लिए आधार सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाएगा। इससे परिचालन दक्षता में वृद्धि होगी, अस्वीकृति की संभावना कम होगी तथा आधाबर अपडेट की प्रक्रिया और तेज होगी।
इसके अलावा यहां जन्म पंजीकरण संख्या आधारित बच्चों का नामांकन भी शुरु किया जाएगा। आम नागरिकों को बेहतर एवं सुगम आधार सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु आधुनिक सुविधाओं से युक्त “आधार सेवा केंद्र” प्रारंभ किया गया है। इस केंद्र पर आधार नामांकन (सभी आयु वर्ग), मोबाइल नंबर अपडेट, पता सुधार, बायोमेट्रिक अपडेट, बच्चों का आधार अपडेट सहित सभी आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। जबकि नाम सुधार और जन्म तिथि की सुधारने से संबंधित नामांकन सुविधा उब्लब्ध है।
यह आधार सेवा केंद्र नागरिकों को सुरक्षित, पारदर्शी एवं सुगम सेवा प्रदान करेगा। यहां आधार से जुड़ी सेवाएं निर्धारित सरकारी शुल्क पर ही उपलब्ध होंगी।

