डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती समारोह की तैयारी में जुटे भाजपाई
मोतिहारी। जनसंघ के संस्थापक एवं सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रणेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर रुलही उच्च विद्यालय परिसर स्थित उनकी प्रतिमा स्थल के निकट आयोजित होने वाले जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर विधायक प्रमोद कुमार की उपस्थिति में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक श्री कुमार ने रुलही रोड का नाम “डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पथ” रखने का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
वहीं, रुलही पंचायत के मुखिया मदन दास ने रुलही के चारों प्रवेश द्वारों का नाम “डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वार” रखने का प्रस्ताव रखा, जिसका उपस्थित लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक श्री कुमार ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रसेवा, शिक्षा और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उनके विचार आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि उनकी जयंती के अवसर पर समाज के प्रत्येक वर्ग तक उनके आदर्शों और राष्ट्रनिर्माण के विचारों को पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए।

उक्त अवसर पर भाजपा अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष संजय ठाकुर, भाजपा के वरिष्ठ नेता सुनील सिंह, मंडल प्रभारी मैनेजर सिंह, मंडल अध्यक्ष मुकेश कुमार सिन्हा, राजेश सिंह, महामंत्री अखिलेश सैनी, सितांशु शुक्ला, अमर भौमिक, केदार शुक्ला सहित उपस्थित कार्यकर्ताओं ने डॉ० श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। जानकारी गुलरेज शहजाद जिला मीडिया प्रभारी, भाजपा, ने दी है।

