रक्सौल में सक्रिय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, नेपाल कनेक्शन का खुलासा; पांच आरोपी गिरफ्तार
रक्सौल। रक्सौल पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की बढ़ती घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में नेपाल से जुड़े नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें, पांच मोबाइल फोन, एक मास्टर चाबी तथा भारतीय और नेपाली मुद्रा बरामद की है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) मनीष आनंद ने गुरुवार को प्रेसवार्ता में बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया था। इसी क्रम में गुप्त सूचना मिली कि यूनियन बैंक के समीप एक युवक चोरी की नीयत से संदिग्ध गतिविधियां कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रामगढ़वा थाना क्षेत्र के बेला मुरला गांव निवासी विकास कुमार को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से बाइक चोरी में प्रयुक्त मास्टर चाबी और एक स्मार्टफोन बरामद किया गया।
पूछताछ में विकास कुमार ने कई अहम खुलासे किए। उसने बताया कि वह रक्सौल से मोटरसाइकिल चोरी कर कुंडवा चैनपुर और नेपाल के विभिन्न क्षेत्रों में बेचता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कुंडवा चैनपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर नेपाल के रौतहट जिला के गौर थाना क्षेत्र अंतर्गत टिकुलिया निवासी मुन्ना आलम, अरविंद सिंह, रूपेश कुमार गुप्ता तथा दिलीप कुमार गिरी को गिरफ्तार कर लिया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक टीवीएस अपाचे, एक बजाज पल्सर, एक हीरो सुपर स्प्लेंडर (बीआर-30टी-6925), एक हीरो स्प्लेंडर, पांच मोबाइल फोन, 14,050 रुपये भारतीय मुद्रा, 6,310 नेपाली रुपये तथा बाइक चोरी में प्रयुक्त मास्टर चाबी बरामद की।

डीएसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी विकास कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ रक्सौल और रामगढ़वा थानों में मोटरसाइकिल चोरी और शराब तस्करी के मामले पहले से दर्ज हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध रक्सौल थाना कांड संख्या 299/26 दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस पूरे अभियान में थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो, पर्यवेक्षक पदाधिकारी निर्भय कुमार राय, कृष्ण मुरारी, रवि कुमार, जितेंद्र कुमार, विकास कुमार पासवान, अमन कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

