सांसद की अध्यक्षता में जिला स्तरीय विद्युत समिति की बैठक संपन्न
-सदर अस्पताल परिसर में नया पावर सब-स्टेशन, ई-हाउस आधारित एम.एस. कॉलेज के समीप नया पीएसएस तथा पदुमकेर-पताही क्षेत्र में नए पावर सब-स्टेशन के निर्माण का प्रस्ताव
मोतिहारी। समाहरणालय मोतिहारी स्थित डॉ. राधाकृष्णन सभागार में सांसद राधामोहन सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय विद्युत समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मोतिहारी विधायक प्रमोद कुमार, कृष्णानंदन पासवान, राणा रणधीर सिंह, लाल बाबू प्रसाद, शालिनी मिश्रा, राजेश कुमार, फैसल रहमान, प्रमोद कुमार सिन्हा तथा विशाल कुमार उपस्थित रहे।
बैठक में जिला पदाधिकारी-सह-संयोजक सौरभ सुमन यादव, विद्युत अधीक्षण अभियंता-सह-सदस्य सचिव राकेश रौशन, सहायक समाहर्ता राजकृष्ण झा सहित विद्युत विभाग के सभी कार्यपालक अभियंता, सहायक विद्युत अभियंता एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
इस दौरान सभी विधायकों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में विद्युत तार एवं पोलों के प्रतिस्थापन, जर्जर विद्युत संरचना के सुदृढ़ीकरण तथा अतिरिक्त वितरण ट्रांसफॉर्मर स्थापित करने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रस्ताव प्रस्तुत किये गए।
बैठक में प्रमुख रूप से सदर अस्पताल परिसर में नया पावर सब-स्टेशन, ई-हाउस आधारित एम.एस. कॉलेज के समीप नया पीएसएस तथा पदुमकेर-पताही क्षेत्र में नए पावर सब-स्टेशन के निर्माण का प्रस्ताव रखा गया, ताकि बढ़ते विद्युत भार के अनुरूप उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जा सके। बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य हर घर: मुफ्त बिजली योजना की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि जिला को प्रथम चरण में कुल 13,419 बीपीएल परिवारों में सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है।
इस कार्य के निष्पादन हेतु ओसवाल पम्प्स लिमिटेड को कार्य आवंटित किया गया है। तत्पश्चात कृषि फीडरों से चोरी हुए विद्युत तारों को अविलंब बदलने का निर्देश दिया गया। साथ ही विद्युत एवं तार चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जनभागीदारी एवं स्थानीय नागरिकों के सहयोग को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सभी महत्वपूर्ण सुझावों एवं प्रस्तावों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन विद्युत विभाग के द्वारा दिया गया।बैठक का सफल संचालन प्रदीप कुमार सुमन, कार्यपालक विद्युत अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, मोतिहारी द्वारा किया गया।

