बिहार विधान परिषद के 10 नवनिर्वाचित सदस्यों ने ली शपथ
पटना। बिहार विधान परिषद के एनेक्सी भवन में बुधवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में 10 नवनिर्वाचित नेताओं ने विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) के रूप में शपथ ली। विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने सभी सदस्यों को शपथ दिलाई।समारोह में राज्य सरकार और विपक्ष के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण की शुरुआत भोजपुरी अभिनेता एवं नवनिर्वाचित विधान पार्षद पवन सिंह से हुई। उन्होंने सबसे पहले एमएलसी पद की शपथ ग्रहण की। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, संजय मयूख, सुनील कुमार सिंह सहित सभी नवनिर्वाचित सदस्यों ने क्रमवार शपथ ली।
शपथ ग्रहण समारोह में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के अनेक वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और तेजस्वी यादव मंच पर एक-दूसरे के बगल में बैठे नजर आए।उल्लेखनीय है कि लगभग 20 दिन पहले बिहार विधान परिषद की रिक्त सीटों पर हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चार, जनता दल (यूनाइटेड) के चार, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के एक तथा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के एक उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए थे।
वहीं, जनता दल (यूनाइटेड) के ललन प्रसाद पूर्व मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार द्वारा रिक्त की गई विधान परिषद सीट से निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इसे चुनाव की सबसे चर्चित और हाई-प्रोफाइल सीट माना जा रहा था। शपथ ग्रहण के साथ ही सभी नवनिर्वाचित सदस्य अब विधान परिषद की कार्यवाही में भाग लेने और अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए अधिकृत हो गए हैं।

