उड़ीसा के पांच अपराधी बरियारपुर से गिरफ्तार , लूट की बड़ी योजना नाकाम
कट्टा,गोली,चोरी की दो बाइक,नम्बर प्लेट और मास्टर की बरामद
लूट की योजना को पुलिस ने किया नाकाम , बदमाशों के लोकल संरक्षक की तलाश में जुटी पुलिस
गिरफ्तार अपराधियों में 4 के विरुद्ध उड़ीसा में दर्ज है लूट और डकैती के मामले
मोतिहारी। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छतौनी थाना क्षेत्र के बड़ा बरियारपुर स्थित सिटी होटल इंटरनेशनल के पीछे से उड़ीसा राज्य के निवासी पांच अपराधियों को आर्म्स के साथ गिरफ्तार किया है। जिनके पास से एक देशी कट्टा , 8 जिंदा कारतूस , 6 मोबाइल फोन , 1 पल्सर , 1 अपाची बाइक , दो नम्बर प्लेट बरामद किया गया है।
बताया गया है कि गिरफ्तार अपराधियों का पूर्व से आपराधिक इतिहास है। इधर माना जा रहा है कि उक्त सभी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में थे , इस बीच पुलिस को सूचना मिली। तत्काल एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर डीएसपी सदर 1 दिलीप कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसके हत्थे सभी अपराधी चढ़ गए। उड़ीसा से मोतिहारी पहुंचे अपराधियों का लोकल कनेक्शन भी खंगाला जा रहा है। जानकारी के मुताबिक सभी 5 अंतरराज्यीय कुख्यात अपराधियों को हथियार और चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार कर पुलिस ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। गिरफ्तार बदमाशों के पास से दो नंबर प्लेट और दो मास्टर चाभी की बरामदगी से इतना तो तय है कि ये लोग बाइक चोर है। आर्म्स रखने के साथ ही माना जा रहा है कि मौका देख लूट भी करना इनकी पेशा है।
एसपी ने बताया कि ये सभी अपराधी मोतिहारी शहर में लूट की एक बड़ी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से एकत्रित हुए थे। गिरफ्तार अपराधियों में ओडिशा के गंजाम जिले के ओउल अजीज, डी गांधी, मकला दिलीप और जाजपुर जिले के जीतू राय प्रधान व किशोर प्रधान शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए पांच में से चार अपराधियों का ओडिशा में बड़ा आपराधिक रिकॉर्ड है और वे पहले भी जेल जा चुके हैं। इनमें ओउल अजीज पर लूट व डकैती के 6 मामले, डी गांधी पर लूट, डकैती व आर्म्स एक्ट के 7 मामले, मकला दिलीप पर डकैती व आर्म्स एक्ट के 2 मामले और जीतू प्रधान पर डकैती का 1 मामला दर्ज है। इनकी गिरफ़्तारी की सूचना उड़ीसा पुलिस को दे दी गई है और अग्रेत्तर कारवाई की जा रही है।

